पिहोवा (कुरुक्षेत्र)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुजुर्गों के सम्मान को प्रदेश सरकार की प्राथमिकता बताया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने भी बुजुर्गों के हितों की हमेशा बात की है।

उन्होंने कहा, “हमने अपने संकल्प पत्र में कहा था कि 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों को अगर किसी प्रकार की दिक्कत आती है या फिर उनका स्वास्थ्य खराब होता है तो उनके इलाज की चिंता उनके परिवार को नहीं करनी होगी, बल्कि इलाज की चिंता मोदी सरकार और हरियाणा सरकार करेगी। इसी के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को 5 लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त दिया जा रहा है।”

मुख्यमंत्री बीती रात पिहोवा के शांति फार्म में आयोजित पिहोवा निवासी मनोहर लाल शर्मा के पुत्र हितेश शर्मा व अंबाला निवासी दीपक शर्मा की पुत्री छवि शर्मा के शादी समारोह में नवविवाहित को आशीर्वाद देने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, खेलमंत्री गौरव गौतम और कालका विधायक शक्ति रानी भी मौजूद रहीं।

इस दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि प्रदेश में जब किसी पेंशन लाभार्थी की मृत्यु हो जाती है तो नियमानुसार उसकी पेंशन खुद बंद कर दी जाती है। लगभग एक लाख तीन हजार ऐसे लाभार्थी हैं, जिनकी मृत्यु के बाद पेंशन बंद की गई है। अक्टूबर 2024 से रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया पोर्टल में किसी तकनीकी समस्या के कारण प्रदेश सरकार को हरियाणा में मृत हुए व्यक्तियों का डाटा नहीं मिला था। यह डाटा नवंबर 2025 में प्राप्त होने के बाद एकमुश्त में ऐसे मृतकों की पेंशन कटी है।

उन्होंने कहा कि लोगों ने डाटाबेस में छेड़छाड़ करके पेंशन स्वीकृत करवा ली थी। इन लाभार्थियों की पेंशन स्थगित कर दी गई है। इसके अलावा कुछ मामलों में स्थानीय समिति एवं सेक्टर समिति द्वारा आय आधारित पात्रता का वेरिफिकेशन नहीं किया गया था। ऐसे मामलों में आय का प्रमाण दिया जाएगा तो तुंरत उसका वेरिफिकेशन करवाया जाएगा और प्रमाण सही पाए जाने पर पेंशन बहाल कर दी जाएगी।