- उद्योगपति से 10 करोड़ की रंगदारी मांगी गई।
- गैंगस्टर रोहित गोदारा के तीन गुर्गे गिरफ्तार।
- एक गुर्गे ने पुलिस पर गोली चलाई, घायल।
फरीदाबाद। विदेश में बैठे गैंग्सटर रोहित गोदारा ने फरीदाबाद के एक उद्योगपति से पहले पांच फिर 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। उद्योगपति ने रंगदारी नहीं दी तो गैंगस्टर ने उद्योगपति को डराने के लिए अपने गुर्गे भेजे। इन तीन गुर्गों को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने गिरफ्तार किया है।
यूएसए में छिपा हुआ है रोहित गोदारा
आरोपितों में सुखपुरा रोड बठिंडा का मोनू गुर्जर, संजय नगर बठिंडा के हनी और कपिल उर्फ कन्नू हैं। इनमें से मोनू गुर्जर ने पुलिस हिरासत से भागने के लिए मंगलवार रात पुलिस पर गोली चलाई, तो पुलिस ने उसके पैर में गोली मारकर काबू किया। वह एम्स दिल्ली में उपचाराधीन है। पुलिस के पास इनपुट है कि फिलहाल गैंगस्टर रोहित गोदारा यूएसए में छिपा हुआ है। वहीं से अपना गैंग ऑपरेट करता है।
चिट्ठी में उद्योगपति को भेजी एके 47 की पांच गोलियां
एसीपी क्राइम वरुण दहिया ने बताया कि उद्योगपति की शिकायत पर पांच फरवरी को सेंट्रल थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। उद्योगपति ने शिकायत में बताया कि उसके पास पहले विदेशी नंबर से वाट्सएप पर काॅल आई थी। काॅल करने वाले ने पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
उद्योगपति ने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। पांच फरवरी को उसके घर एक चिट्ठी प्राप्त हुई। चिट्ठी में एके 47 की पांच गोलियां थीं। चिट्ठी में 10 करोड़ की रंगदारी देने के लिए कहा गया था, न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी।
उद्योगपति ने इसे गंभीरता से लिया और पुलिस को शिकायत दी। मुकदमा दर्ज होने के बाद डीसीपी क्राइम मुकेश मल्होत्रा ने एसीपी क्राइम वरुण दहिया को इस मामले गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए।
तीन दिन तक जुटे रहे 70 पुलिसकर्मी
पुलिस को मालूम था कि विदेश में बैठे गैंग्सटरों की खास मोडस ओपरेंडी होती है। वे पहले काॅल पर धमकी देते हैं, इसके बाद चिट्ठी भेजकर डराते हैं। अगर इससे बात न बने तो वे टारगेट के घर व संस्थानों पर फायरिंग कराते हैं। इसे समझते हुए क्राइम ब्रांच की टीम चुपचाप उद्योगपति के घर के आस-पास सक्रिय हो गईं। 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की निगरानी की गई। तीनों गुर्गे रेकी के लिए आए हुए थे, तभी क्राइम ब्रांच ने उन्हें दबोच लिया। पूरे आपरेशन में 70 पुलिसकर्मी तीन दिन तक लगातार जुटे रहे।
एसआई की आंख में मिट्टी झोंक भागा
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने उद्योगपति के घर फायरिंग करने के लिए पाली क्रशर जोन के पास हथियार छिपाकर रखे हुए हैं। क्राइम ब्रांच की एक टीम मंगलवार रात आरोपित मोनू गुर्जर को पाली क्रशर जोन के पास लेकर पहुंची। आरोपित ने वहां एक झाड़ी से पिस्टल और पांच कारतूस बरामद कराए।
जब पुलिसकर्मी इनकी बरामदगी की रिपोर्ट तैयार कर रही थी तो आरोपित ने एसआई की आंख में मिट्टी झोंक कर उसकी पिस्टल छीन ली और भागने लगा। भागते हुए उसने पुलिसकर्मियों पर दो बार फायरिंग की, जिसमें वे बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी। उसे फिर से काबू कर लिया गया।
