- पूर्व मंत्री सुरेंद्र मदान का 73 वर्ष की आयु में निधन
- रणदीप सुरजेवाला ने मदान को बड़ा भाई बताया
- कैथल के विकास में उनके योगदान को याद किया
कैथल। हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह मदान का 73 वर्ष की आयु में हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके अंतिम संस्कार में राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला और कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला शामिल हुए।
दोनों नेताओं ने दिवंगत नेता सुरेंद्र सिंह मदान को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार को सांत्वना दी। सुरजेवाला ने मदान को अपना बड़ा भाई और कैथल के विकास का नेतृत्वकर्ता बताया। उन्होंने उनके निधन को व्यक्तिगत क्षति बताया।
सुरजेवाला ने कहा, “बड़े भाई का कर्तव्य निभाने वाले, मृदुभाषी, सरल, सदा सेवायुक्त व कैथल के बारे हमेशा सोचने वाले पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक सुरेन्द्र मदान के आकस्मिक देहांत की खबर ने दिल को झझकोर दिया। पिछले हफ्ते ही कैथल के रोडमैप व सामाजिक तानेबाने को सुधारने के बारे चर्चा हुई। मैंने एक स्नेहिल बड़ा भाई खो दिया और कैथल ने एक तरक्की की सोच का नेतृत्व खो दिया। आप सदा हमारी यादों में रहेंगे। हमारे अजीज सुरेंद्र मदन के बेटे मानव मदान व पूरे परिवार को मेरे और पूरे इलाके की ओर से सांत्वना है।”
विधायक आदित्य सुरजेवाला ने भी गहरे दुख के साथ श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि सुरेंद्र मदान मेरे लिए सिर्फ एक वरिष्ठ नेता नहीं, बल्कि एक मार्गदर्शक और परिवार के सदस्य जैसे थे। उनकी सरलता, जनसेवा की भावना और कैथल के प्रति समर्पण हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।
