- पुलिस कर्मचारी पर गाड़ी व पिस्टल छीनने का आरोप।
- पीड़ित गुरप्रीत सिंह को मारपीट कर झाड़ियों में फेंका।
- आरोपी एएसआई धन्ना सिंह के खिलाफ मामला दर्ज।
मानसा। मानसा जिले में एक पुलिस कर्मचारी पर लिफ्ट लेने के बहाने गाड़ी और पिस्टल छीनकर फरार होने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने आरोपित एएसआई धन्ना सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के दौरान पिस्टल से फायरिंग किए जाने की वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रही है, जिससे मामले ने तूल पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार 7 फरवरी को गुरप्रीत सिंह अपनी गाड़ी से मानसा से मुक्तसर एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जब वह शहर के रामदित्तेवाला चौक के पास पहुंचे तो एक पुलिस कर्मचारी ने उनसे लिफ्ट मांगी। गुरप्रीत सिंह ने उसे गाड़ी में बैठा लिया।
आरोप है कि कुछ दूरी तय करने के बाद उक्त कर्मचारी ने गुरप्रीत सिंह के साथ मारपीट की और उन्हें सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। इसके बाद वह उनकी गाड़ी और लाइसेंसी पिस्टल लेकर फरार हो गया।
पीड़ित की पिस्टल छीन फायरिंग की
बताया जा रहा है कि आरोपित ने रास्ते में छीनी गई पिस्टल से फायरिंग भी की। इस घटना की एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। मारपीट में घायल गुरप्रीत सिंह को उनके बेटे विश्वदीप सिंह और उसके दोस्तों ने सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
यह मामला उस समय सामने आया जब ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ के तहत मानसा पहुंचे डीआईजी बठिंडा रेंज हरजीत सिंह के समक्ष पीड़ित पक्ष ने शिकायत रखी। डीआईजी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
ASI की गिरफ्तारी के लिए हो रही छापेमारी
डीएसपी बूटा सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर एएसआई धन्ना सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और जल्द ही गाड़ी व पिस्टल बरामद कर ली जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग मामले में पारदर्शी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
