उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को नौकरी देने का ऐलान किया। इस महाभियान की शुरुआत शनिवार से हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शानिवार को लोकभवन में 818 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देकर नौकरी की सौगात देंगे। इस मौके पर व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग, उत्तर प्रदेश उद्योग निदेशालय, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं एवं आयुष विभाग से जुड़े विभागों के अभ्यर्थी को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।
नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यर्थियों में कौशल विकास के 48 अभ्यर्थी हैं। प्लंबर के पद पर चयनित अभ्यर्थियों की संख्या 31 है। इसके अलावा आयुष विभाग में होम्योपैथिक फार्मासिस्ट के 361 चयनित अभ्यर्थियों को भी कार्यक्रम में सीएम योगी नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे।
एक्सरे- टेक्नीशियन में सफल 357 को नौकरी
उद्योग विभाग के भी चयनितों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश उद्योग निदेशालय कानपुर के तहत सहायक सांख्यिकीय अधिकारी के नौ पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग के 357 एक्सरे-टेक्नीशियन के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।
छह माह में एक लाख युवाओं को नौकरी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने 16 सितंबर को गोरखपुर में कहा था कि उत्तर प्रदेश में अब नौजवानों को नौकरी की गारंटी है। उनकी सरकार अब तक 9.50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। विस चुनाव से पहले एक लाख और युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य है। इसकी शुरुआत 19 सितंबर से होगी। उन्होंने 77 हजार पदों पर पुलिस और होमगार्ड भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने की बात कही। सीएम योगी ने कहा था कि मजबूत कानून-व्यवस्था से प्रदेश में निवेश और विकास का सकारात्मक माहौल बना है। उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन है।
अब प्रदेश मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, नए कल-कारखानों और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए जाना जा रहा है। उन्होंने कहा था कि अब उत्तर प्रदेश में बिना भेदभाव पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। हर पात्र परिवार को आवास, शौचालय, राशन, रसोई गैस और बेटियों की पढ़ाई और विवाह से जुड़ी योजनाओं से लाभान्वित किया गया है। बचे लोगों को लाभ देने के लिए शिविर लगेंगे। गोरखपुर में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि विकास और जनोपयोगी सुविधाओं के लिए कानून का राज और सुरक्षा का बेहतरीन वातावरण जरूरी है। उन्होंने कहा था कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा का बेहतर माहौल बना है।
