लखनऊ। पर्यटन और संस्कृति विभाग जेन-जी और जेन अल्फा को जोड़ने के लिए सभी जिलों में संस्कृति उत्सव का आयोजन करेंगे। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने निर्देश दिए हैं कि ‘संस्कृति उत्सव’ में युवा पर्यटन क्लब और सांस्कृतिक क्लबों के माध्यम से स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, खासकर जेन-जी और जेन-अल्फा के युवाओं को नृत्य, नाटक और संगीत जैसी गतिविधियों से जोड़ा जाए।
साथ ही प्रदेशभर में उभरती प्रतिभाओं की पहचान कर युवा कलाकारों के लिए नए अवसर तैयार किए जाएं। उन्होंने 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। इसके तहत ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटकों का आयोजन होगा और चयनित स्मारकों एवं पर्यटन स्थलों पर लेजर शो आयोजित किए जाएंगे।
बुधवार को पर्यटन भवन में आयोजित पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की बैठक में मंत्री ने कहा कि यूपी में वर्ष 2025 में देश में सर्वाधिक घरेलू पर्यटक आए थे। अब विभाग प्रमुख पर्यटन स्थलों पर उपलब्ध सुविधाओं की मैपिंग करा रहा है। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारियों को सड़क संपर्क, परिवहन सुविधाएं, प्रकाश व्यवस्था, यात्री शेल्टर, रैंप, हिंदी व अंग्रेजी में साइनेज, पर्यटक सुविधा केंद्र, पर्यटन कार्यालयों समेत अन्य सुविधाओं की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं।
‘वासुदेव वाटिका’ का करीब 72 प्रतिशत काम पूरा
यह जानकारी जिलेवार ‘टूरिज्म मैट्रिक्स’ के रूप में एक समर्पित डैशबोर्ड पर दर्ज की जाएगी। इससे विभाग को प्रत्येक पर्यटन स्थल पर उपलब्ध सुविधाओं की स्पष्ट तस्वीर मिल सकेगी। पर्यटन विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से तैयार करने में मदद मिलेगी।
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत 575 परियोजनाओं में शिलालेख और बारकोड की व्यवस्था का प्रावधान किया गया है। इनमें से अधिकांश काम पूरे किए जा चुके हैं।
मंत्री ने शेष कार्य जल्द कराने के निर्देश दिए। ब्रज तीर्थ विकास परिषद की परियोजनाओं की समीक्षा में बताया गया कि गोकुल बैराज के पास विकसित की जा रही ‘वासुदेव वाटिका’ का करीब 72 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। मंत्री ने कहा कि मथुरा, गोकुल, बरसाना आदि से संबंधित सभी परियोजनाओं को तेजी से पुरा कराया जाए।
बैठक में जिला महोत्सवों के आयोजन, पुरातत्व विभाग के संरक्षण कार्यों, प्रस्तावित संग्रहालय विकास योजना, सांस्कृतिक केंद्रों और पांडुलिपि संरक्षण परियोजनाओं, संस्कृति विभाग के अधीनस्थ अकादमियों में वर्तमान में रिक्त पदों पर भर्ती की तैयारी आदि की भी समीक्षा भी की गई।
अपर मुख्य सचिव पर्यटन अमृत अभिजात ने नई प्रतिभाओं की पहचान के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान विशेष सचिव व निदेशक मृदुल चौधरी, विशेष सचिव संस्कृति दीपा रंजन आदि मौजूद रहे।
