लखनऊ: राज्यसभा चुनावों को लेकर समाजवादी पार्टी के तीसरे उम्मीदवार पर सस्पेंस लगभग खत्म हो गया है। अखिलेश यादव ने आज सोशल मीडिया एक्स पर जो पोस्ट किया उससे ऐसा ही लग रहा है। अखिलेश ने लिखा-अब हमारी निगाह तीन पर नहीं, चार सौ तीन पर है। अखिलेश यादव के इस पोस्ट से ये लगभग क्लियर हो गया है कि राज्यसभा चुनाव में समाजवादी अपना तीसरा उम्मीदवार नहीं उतारेगी। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की आज आखिरी तारीख है। ऐसा लग रहा था कि आज अखिलेश तीसरे उम्मीदवार के नाम का ऐलान करेंगे।
राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव
बता दें कि उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं। भाजपा के पास सीधे तौर पर सात सीट जीतने के लिए पर्याप्त संख्याबल है। सपा पहले ही पार्टी के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव और रिलायंस इंडस्ट्रीज के अधिकारी धनराज परिमल नाथवानी को उम्मीदवार बना चुकी है। इन दोनों ने लखनऊ में अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया है। इस बीच तीसरे उम्मीदवार को लेकर भी चर्चा काफी तेज रही। पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने भी कहा-“सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा था कि जरूरी संख्याबल पूरा होने के बाद पार्टी तीसरा उम्मीदवार उतारेगी। अब हमारा तीसरा उम्मीदवार मंगलवार को नामांकन दाखिल करेगा। हमें भरोसा है कि हम भाजपा को करारी शिकस्त देंगे।” हालांकि, चांद ने यह नहीं बताया कि पार्टी का तीसरा उम्मीदवार कौन होगा।
इससे पहले पार्टी सांसद वीरेंद्र सिंह और विधायक रविदास मेहरोत्रा ने इसी तरह के संकेत दिए थे। अब ऐसे में सबकी निगाह नामांकन भरने की आखिरी तारीख यानी आज पर टिकी हुई थी। लेकिन आज अखिलेश के पोस्ट ने यह साफ कर दिया कि समाजवादी पार्टी तीसरा उम्मीदवार नहीं उतारेगी।
