लखनऊ : उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने शुक्रवार को दो महत्वपूर्ण घोषणा की हैं. आयोग ने बीसीजी तकनीशियन मुख्य परीक्षा के आधार पर 76 अभ्यर्थियों को अभिलेख परीक्षण के लिए अर्ह घोषित किया है. वहीं, कनिष्ठ विश्लेषक (खाद्य) भर्ती में उत्कृष्ट खिलाड़ी श्रेणी के आठ अभ्यर्थियों की अनुपूरक सूची भी जारी की गई है.
मीडिया सेल की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, बीसीजी तकनीशियन भर्ती के लिए अर्ह घोषित अभ्यर्थियों का परिणाम छह नवंबर को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है. अभ्यर्थियों को छह नवंबर से 20 नवंबर तक आयोग के निर्धारित पोर्टल पर अपने शैक्षिक प्रमाण-पत्र, आरक्षण से संबंधित दस्तावेज और अन्य जरूरी अभिलेख ऑनलाइन अपलोड करने होंगे. आयोग ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेज अपलोड करने की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी.
कनिष्ठ विश्लेषक के आठ अभ्यर्थियों को मौका : खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग में कनिष्ठ विश्लेषक (खाद्य) के पदों पर भर्ती के तहत उत्कृष्ट खिलाड़ी श्रेणी में आठ अभ्यर्थियों की अनुपूरक सूची जारी की गई है. आयोग ने लिखित परीक्षा के अंकों और मेरिट के आधार पर यह सूची तैयार की है. इस श्रेणी के लिए पुनरीक्षित कटऑफ 7.25 अंक निर्धारित किया गया है. इन आठ अभ्यर्थियों का अभिलेख परीक्षण 13 नवंबर 2026 को दोपहर एक बजे आयोग के कार्यालय में होगा.
दस्तावेज सत्यापन के बाद तय होगा चयन : आयोग ने साफ किया है कि अभिलेख परीक्षण के लिए अर्ह घोषित होने का मतलब अंतिम चयन नहीं है. अभ्यर्थियों की पात्रता, शैक्षिक योग्यता, आरक्षण और अन्य जरूरी प्रमाण-पत्रों की जांच के बाद ही अंतिम चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
