अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद के लिए अंतिम साक्षात्कार मंगलवार से होगा। बुधवार तक चलने वाले साक्षात्कार में आवेदन पत्रों की छंटनी के पश्चात बुलाए गए आवेदक ही सम्मिलित होंगे।
चयन समिति के तीनों सदस्य आवेदकों का इंटरव्यू लेंगे। इसके लिए समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायाधीश प्रमोद कोहली और सदस्य डॉ. सुरेश हावड़े व सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी भी अयोध्या पहुंचेंगे।
रामजन्मभूमि परिसर के पीएफसी सभागार में चयन समिति के सदस्य लेंगे इंटरव्यू
रामजन्मभूमि परिसर के यात्री सुविधा केंद्र (पीएफसी) स्थित सभागार में संयोजित किए गए साक्षात्कार के दौरान ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन व सदस्य महांत दिनेंद्रदास के भी उपस्थित रहने की संभावना है। ट्रस्ट ने सीईओ पद के लिए गत छह जुलाई को तीन सदस्यीय चयन समिति गठित कर 13 जुलाई को वेबसाइट के माध्यम से ऑननलाइन आवेदन आमंत्रित किए थे।
5200 आवेदकों ने किए थे आवेदन
अंतिम तिथि तक लगभग 5200 आवेदकों ने राम मंदिर का सीईओ बनने के लिए आवेदन किया था। इनकी स्क्रूटनी के पश्चात लगभग 54 आवेदकों का ऑनलाइन व ऑफलाइन प्री-इंटरव्यू लिया गया था। इसके बाद इनमें से भी छंटनी की गई और फाइनल इंटरव्यू के लिए लगभग 18 आवेदकों को आमंत्रित किया गया है। इसमें सरकारी सेवा से मुक्त हुए व्यक्तियों के साथ अन्य क्षेत्रों में कार्यरत रहे लोग बताए गए हैं।
