हरिद्वार: करीब 18 दिन की वार्षिक बंदी के बाद हरिद्वार से गंगनहर में एक बार फिर पानी का प्रवाह शुरू हो गया है. रविवार रात को ही उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग ने भीमगोड़ा बैराज से गंगनहर में पानी छोड़ने की प्रक्रिया शुरू की. पानी आगे बढ़ने के साथ ही हरकी पैड़ी और गंगनहर से जुड़े घाटों पर फिर से रौनक लौट आई. गंगा स्नान के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी अब घाटों पर पर्याप्त जल उपलब्ध होने लगा है.
वहीं वार्षिक गंगा बंदी के दौरान कुंभ मेले के कार्यों ने भी जोर पकड़ा और 10 नए घाटों के निर्माण के साथ ही 56 पुराने घाटों की मरम्मत का कार्य लगभग पूर्ण कर लिया गया. हालांकि कुंभ मेला प्रशासन ने यूपी सिंचाई विभाग को क्लोजर अवधि बढ़ाने के लिए पत्र लिखा था, लेकिन सिंचाई विभाग ने कोई सुनवाई नहीं की और तय समय पर गंगनहर में पानी छोड़ दिया.
गंगनहर की वार्षिक बंदी दशहरे की रात से की गई थी. करीब 18 दिनों तक गंगनहर का पानी रोके जाने के दौरान हरिद्वार से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक नहर से जुड़े क्षेत्रों में अलग अलग मरम्मत के कार्य किए गए. इसके साथ ही साफ सफाई का कार्य भी किया गया. हर साल गंगनहर में पानी रोकने का सबसे बड़ा उद्देश्य नहर की सफाई, सिल्ट हटाने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत करना होता है. इसके अलावा नहर से जुड़े पुल, रेगुलेटर, नहर पटरी और सिंचाई व्यवस्था से संबंधित कार्य भी इस दौरान किए जाते हैं.
इस बार गंगनहर की बंदी के दौरान हरिद्वार में चल रहे कुंभ की तैयारियों ने भी जोर पकड़ा. पानी का प्रवाह बंद होने के बाद नए गंगा घाटों और पुलों के निर्माण कार्यों में तेजी आई. गंगा के भीतर और किनारे ऐसे स्थानों पर भी मशीनों और श्रमिकों को आसानी काम करने का मौका मिला, जहां सामान्य दिनों में पानी का प्रवाह होने के कारण काम करना मुश्किल रहता है. कुंभ से जुड़े घाटों और पुलों के निर्माण को समय पर पूरा करने के लिए विभागों ने बंदी की अवधि का इस्तेमाल किया.
हरिद्वार में भीमगोड़ा बैराज से गंगनहर की शुरुआत होती है. यहां से निकलने वाला पानी उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से के बड़े क्षेत्र तक पहुंचता है. गंगनहर का उपयोग मुख्य रूप से सिंचाई के लिए किया जाता है. इसकी विभिन्न शाखाओं और रजवाहों के जरिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में खेतों तक पानी पहुंचाया जाता है. इसके अलावा गंगाजल से दिल्ली एनसीआर सहित कई शहरों की पेयजल व्यवस्था भी की जाती है.सामान्य दिनों में गंगनहर में कई हजार क्यूसेक पानी का प्रवाह रहता है.
वैसे तो गंगनहर की क्षमता 13 हजार क्यूसेक पानी की है लेकिन पानी की मात्रा मौसम और आवश्यकता के अनुसार घटती बढ़ती रहती है. हरिद्वार से पानी छोड़े जाने के बाद यह नहर के विभिन्न हिस्सों में आगे बढ़ता है और शाखाओं के माध्यम से सिंचाई तथा पेयजल के लिए निर्धारित स्थानों तक पहुंचता है. गंगनहर बंद होने के दौरान हरकी पैड़ी समेत कई घाटों पर गंगाजल का प्रवाह सीमित हो गया था. दशहरे के पांच दिनों तक तो हरकी पैड़ी समेत कई घाटों पर आचमन करने लायक भी गंगाजल नहीं मिला. लेकिन फिर बंध लगाकर हरकी पैड़ी पर गंगाजल की व्यवस्था की गई.
कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हरिद्वार में लगभग सवा तीन किलोमीटर लंबाई में 10 नए घाटों का निर्माण कराया जा रहा है. इन सभी घाटों का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. शेष कार्यों को भी आगामी 30 नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा. नए घाटों के निर्माण के साथ ही अपर गंगा कैनाल पर पूर्व में निर्मित 34 घाटों तथा एस्केप चैनल पर स्थित 22 पुराने घाटों के जलमग्न रहने वाले हिस्सों की मरम्मत का कार्य भी क्लोजर अवधि के दौरान पूरा कर लिया गया है. इन सभी कार्यों को सामान्य जलप्रवाह शुरू होने से पहले पूरा करना आवश्यक था. 56 पुराने घाटों की मरम्मत का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है.
-अनुभव नौटियाल, अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग-
अब भीमगोड़ा बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद घाटों पर पानी का स्तर बढ़ है. इससे श्रद्धालुओं और स्थानीय कारोबारियों में भी राहत है. घाटों पर स्नान के साथ फूल प्रसाद, पूजा सामग्री और अन्य गतिविधियां भी सामान्य होने लगी हैं. लोगों का रोजगार फिर से रफ्तार पकड़ने लगा. मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर क्लोजर अवधि का उपयोग करते हुए घाटों के जलमग्न रहने वाले हिस्सों तथा नदी तल में जलस्तर से नीचे किए जाने वाले निर्माण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई.
इन कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराने के लिए दिन-रात काम कराया गया. साथ ही निर्माण कार्यों की समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर निगरानी की व्यवस्था की गई थी. इसी का परिणाम रहा कि गंगा नहर क्लोजर की अवधि समाप्त होने से पहले ही सभी आवश्यक एवं महत्वपूर्ण कार्य पूरे कर लिए गए.
वार्षिक बंदी के तहत गंगनहर में पानी का प्रवाह रोका गया था. इस अवधि में आवश्यक मरम्मत और सफाई के कार्य कराए गए. अब कार्य पूरा होने के बाद भीमगोड़ा बैराज से पानी छोड़ा गया है. पानी धीरे धीरे गंगनहर के आगे के हिस्सों में पहुंचेगा और इसके साथ ही नहर की सामान्य व्यवस्था बहाल हो जाएगी.
-भारत भूषण, एसडीओ, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग-
बता दें कि गंगनहर में पानी लौटने के साथ हरिद्वार के घाटों पर फिर से गंगा की वही कलकल धारा दिखाई देने लगी है. वहीं कुंभ मेले को देखते हुए बंदी के दौरान शुरू और तेज किए गए घाटों तथा पुलों के निर्माण कार्य भी अब पानी के बीच तय की गई योजना के अनुसार आगे बढ़ाए जाएंगे.
