देहरादून। उत्तराखंड अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए पूरी तरह तैयार है। यहां विश्व स्तरीय सुविधाएं किसी भी खेल प्रतिस्पर्धा के लिए मुफीद हैं। साथ ही प्रदेश के खिलाड़ी भी वैश्विक फलक पर अपना दमखम दिखाने में सक्षम हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह बातें दून में एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 के उद्घाटन समाराेह में कहीं।
उन्होंने हिमाद्री आइस रिंक के नवीनीकरण को विंटर स्पोर्ट्स के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और उत्तराखंड को एशिया के प्रमुख विंटर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने का संकल्प दोहराया।
सीएम धामी ने खिलाड़ियों से कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन वास्तविक सफलता अनुशासन, समर्पण, खेल भावना और कभी हार न मानने की दृढ़ इच्छाशक्ति में है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को खेलों में अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। पिछले वर्ष 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन से प्रदेश में आधुनिक खेल अवस्थापना का मजबूत आधार तैयार हुआ है।
उन्होंने बताया कि स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान के तहत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। हल्द्वानी में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना पर कार्य चल रहा है, जबकि लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कालेज शुरू हो चुका है।
