देहरादून। उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियों को चुनावी अभियान का रूप देना शुरू कर दिया है। इस बार पार्टी की रणनीति में महिला और युवा वर्ग विशेष रूप से केंद्र में हैं।
महिला मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए भाजपा सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में महिला विस्तारक नियुक्त करेगी। वहीं युवाओं को जोड़ने के लिए शक्ति केंद्रों से लेकर महाविद्यालयों और कोचिंग संस्थानों तक संपर्क अभियान चलाया जाएगा। पार्टी की इस कवायद का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि चुनावी तैयारी को केवल मुख्य संगठन तक सीमित रखने के बजाय विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के जरिये समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंच बनाने की जिम्मेदारी तय की जा रही है।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल के अनुसार पार्टी ने पहले ही सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में पूर्णकालिक विस्तारकों की नियुक्ति की है। अब इसी प्रयोग को महिला कार्यकर्ताओं के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा में एक महिला विस्तारक तैनात होगी। ये प्रवासी कार्यकर्ता संबंधित क्षेत्र में रहकर महिलाओं के बीच पार्टी के कार्यक्रमों और नीतियों का प्रचार करेंगी।
