दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड प्रकरण में उत्तराखंड निवासी केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस मामले में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली पुलिस कमिश्नर से दूरभाष पर बातचीत की।
सांसद अजय भट्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष और तथ्यपरक जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जांच प्रक्रिया पूरी तरह साक्ष्यों और विधिक आधार पर होनी चाहिए, ताकि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय न हो।
इस पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आश्वासन दिया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच पूरी तरह तथ्यों, साक्ष्यों और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर की जाएगी।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि उन्हें देश की न्याय व्यवस्था और जांच एजेंसियों पर पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि सत्य अंततः जांच के माध्यम से सामने आएगा और न्याय सुनिश्चित होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को दोषी या निर्दोष मानने का निर्णय केवल न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर ही होना चाहिए।
अजय भट्ट ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडवासियों के हित, सम्मान और सुरक्षा के प्रति वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वे हर स्तर पर उनके पक्ष को रखने और सहयोग देने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
सांसद ने विश्वास व्यक्त किया कि संबंधित जांच एजेंसियां पूरी निष्पक्षता के साथ कार्य करते हुए मामले की सच्चाई सामने लाएंगी।
