ऋषिकेश: उत्तराखंड में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर के पास हरिद्वार से जोशीमठ जा रही सवारियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. बस में करीब 30 लोग सवार बताए जा रहे हैं. वहीं अभी तक 4 मृतकों के शवों को निकाला जा चुका है. रेस्क्यू अभियान की निगरानी के लिए क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर और थाना प्रभारी मुनिकीरेती भी मौके पर मौजूद रहे.
इस दर्दनाक हादसे में करीब 20 लोग घायल हुए हैं, जबकि 6 लोगों की मौत होने की खबर सामने आ रही है. हालांकि, मृतकों और घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस, गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकी का पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा. इसके साथ ही एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया.
एसडीआरएफ की टीमों ने खाई में उतरकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस और फायर सर्विस के जवान भी रेस्क्यू अभियान में जुटे हुए हैं. घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया जा रहा है, जहां से उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई.
बस में लगभग 30 यात्री सवार थे. हादसे में करीब 20 लोगों के घायल होने की जानकारी है, जबकि 6 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है. एसडीआरएफ की टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं.
-कविंद्र सजवाण, एसडीआरएफ इंचार्ज
हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पहुंच गए हैं. फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है. हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है. बताते चलें कि टिहरी जिले में मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर के पास मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे ये सड़क हादसा हुआ. बस हरिद्वार से बदरीनाथ जा रही थी, वहीं यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी.
हादसे के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर यातायात सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस और SDRF का रेस्क्यू अभियान जारी है. हादसे के कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा. यात्रियों से भरी बस संख्या UK09PA9779 हरिद्वार से बदरीनाथ की ओर जा रही थी.
अभी तक मिली घायलों की सूची
- मोहम्मद वहाब अंसारी पुत्र उस्मान अंसारी, निवासी छैलापाता, जिला दुमका, झारखंड, उम्र 22 वर्ष
- राहुल कुमार पुत्र उपेंद्र कुमार, निवासी ट्रकुल अपार्टमेंट, पटना, बिहार, उम्र 24 वर्ष
- अभिषेक पुत्र राजेंद्र सिंह, निवासी मोहम्मद नथा, जसपुर, ऊधमसिंहनगर, उम्र 28 वर्ष
- प्रत्यूष पुत्र सुभाष, निवासी बुढ़ाकेशी, खटीमा, ऊधमसिंहनगर, उम्र 23 वर्ष
- अर्जुन सौरन पुत्र प्रधान सौरन, निवासी ग्राम सीलीबुना, थाना रानीचौल, जिला दुमका, झारखंड, उम्र 34 वर्ष
- बुधन मुर्मू पुत्र देवान मुर्मू, निवासी ढोडिया, जिला दुमका, झारखंड, उम्र 50 वर्ष
- आयरा पुत्री नूर जहां, निवासी गुवाहाटी, असम, उम्र 3 वर्ष
- नूर जहां पत्नी विशाल, निवासी गुवाहाटी, असम, उम्र 26 वर्ष
- राजकुमार पुत्र काली चरण, निवासी ग्राम उपर मजियारा, जिला दुमका, झारखंड, उम्र 32 वर्ष
- जतिन पुत्र जीतपाल, निवासी डीडीए क्वार्टर, जिला शाहदरा, दिल्ली, उम्र 21 वर्ष
- पंकज नेगी पुत्र पूरण नेगी, निवासी धौलतीर, रुद्रप्रयाग, उम्र 31 वर्ष
- संतोष कुमार पुत्र नरेश प्रसाद, निवासी जहानाबाद, थाना घोषी, बिहार, उम्र 38 वर्ष
- वीरेंद्र सिंह पुत्र मुरली सिंह, निवासी हैरन, कर्णप्रयाग, चमोली, उम्र 58 वर्ष
