उत्तर प्रदेश में चुनाव को लेकर सरगर्मी लगातार तेज हो रही है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच अभी सीट का बंटवारा नहीं हो पाया है। वहीं बीजेपी का दावा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में वह 322 सीटें जीतने वाली है। एक टीवी चैनल पर बात करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वह आगामी चुनाव में 80 पर्सेंट सीटें जीतने वाले हैं। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि एनडीए को 80 फीसदी वोट भी हासिल होगा।
बता दिया 80-20 का गणित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि बीजेपी और उसके सहयोगी 80 फीसदी से ज्यादा सीटें जीतने वाले हैं। वहीं विपक्ष को 20 फीसदी में ही संतोष करना पड़ेगा। 2022 के चुनाव से पहले भी योगी आदित्यनाथ ने यह दावा किया था। इस चुनाव में बीजेपी को 255 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। वहीं समाजवादी पार्टी के खाते में 111 सीटें आईं थीं। ऐसे में सीएम योगी आदित्यनाथ का दावा बहुत बड़ा लग रहा है।
अकेले बीजेपी कितनी सीट जीतेगी?
सीएम योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि अकेले बीजेपी ही 350 के आसपास सीटें जीतेगी। अगर योगी आदित्यनाथ के इस फार्मुले पर विश्वास करें तो विपक्ष के खाते में केवल 81 सीटें जाने वाली हैं। हालांकि ऐसे होना नामुमकिन लगता है। 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने अकेले 312 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं एनडीए का कांकड़ा 325 था। 2022 के चुनाव में एनडीए ने कुल 273 सीटें जीती थीं।
क्या कहता है सर्वे
एक सर्वे के मुताबिक आगामी चुनाव में बीजेपी की जीत का अनुमान लगाया गाय है। इसमें कहा गया है कि एनडीए गठबंधन को 267 सीटें मिल सकती हैं। वहीं समाजवादी पार्टी के गठबंधन को 132 सीटें मिलने की संभावना हैं। बीएसपी के खाते में केवल दो सीटें जाने का अनुमान लगाया गया है। यह सर्वे उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर किया गया था। सर्वे में कहा गया था कि बीजेपी के खाते में 44 फीसदी वोट जा सकते हैं। वहीं सपा गठबंधन को 38 फीसदी वोट मिल सकते हैं।
विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी रणनीति मजबूत करने में लगी है। पार्टी सभी सीटों पर इंटरनल सर्वे करवा रही है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने अपनी टीम को विधायकों के फीडबैक जुटाने में लगा रखा है। जानकारी के मुताबिक लगभग 125 सीटों पर यह काम पूरा हो चुका है। बीजेपी इस बार जिताऊ उम्मीदवारों को ही टिकट देगी। अगर किसी का भी फीडबैक खराब निकला तो टिकट कटना तय है।
