देहरादून। उत्तराखंड सरकार अपनी नई खेल नीति में विशेष श्रेणी (स्पेशल कैटेगरी) के खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रावधान शामिल करेगी। खेल मंत्री रेखा आर्या ने शनिवार को देहरादून स्थित हिमाद्री आइस रिंक में आयोजित ‘स्पेशल ओलंपिक भारत नेशनल चैंपियनशिप फिगर एंड स्पीड स्केटिंग’ के उद्घाटन समारोह में यह महत्वपूर्ण घोषणा की।
खेल मंत्री ने कहा कि सरकार विशेष खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देते हुए नई खेल नीति में बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और आर्थिक सहयोग से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधान शामिल कर रही है। उनका कहना था कि विशेष खिलाड़ियों को सामान्य खिलाड़ियों की अपेक्षा अधिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, इसलिए उन्हें अतिरिक्त संरक्षण और प्रोत्साहन प्रदान करना आवश्यक है।
रेखा आर्या ने कहा कि देश के अधिकांश राज्यों की खेल नीतियों में विशेष श्रेणी के खिलाड़ियों के लिए अलग से प्रभावी प्रावधान नहीं हैं, लेकिन उत्तराखंड इस दिशा में नई पहल करते हुए एक समावेशी खेल नीति तैयार कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हिमाद्री आइस रिंक में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ी वर्ष 2029 के स्पेशल ओलंपिक्स वर्ल्ड गेम्स में देश और उत्तराखंड का गौरव बढ़ाएंगे।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देश के 11 राज्यों से 100 से अधिक विशेष खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह में खेल मंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री दीप्ति रावत, इंडियन आइस स्केटिंग फेडरेशन के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, स्पेशल ओलंपिक भारत के क्षेत्रीय निदेशक डीबीएस रावत, बोर्ड सदस्य राजेश्वर, खेल विभाग के अधिकारी, विभिन्न राज्यों से आए कोच, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
