गदरपुर। गदरपुर क्षेत्र के लोगों का डेढ़ साल पुराना इंतजार आज समाप्त होने जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज लंबे समय से तैयार रोडवेज बस अड्डे का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही, वे विकासखंड कार्यालय भवन का उद्घाटन और सात विकास योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।
गदरपुर में रोडवेज बस अड्डे की मांग वर्षों से उठती रही, लेकिन भूमि की कमी के कारण परियोजना में देरी हुई। क्षेत्र के समाजसेवी राकेश भुडडी और अन्य ने आंदोलन किया। अंततः 20 जून 2017 को भूमि उपलब्ध हुई, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ। लगभग तीन करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं वाला बस अड्डा तैयार किया गया।
राजनीतिक मतभेद चर्चा का विषय
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विधायक अरविंद पांडे ने इसका शिलान्यास किया था। निर्माण पूरा होने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही बस अड्डा शुरू हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इसी बीच वर्ष 2022 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दोबारा मुख्यमंत्री बनने के बाद अरविंद पांडे को मंत्रिमंडल में स्थान नहीं मिला। इसके बाद कई मौकों पर दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक मतभेद चर्चा का विषय बने रहे।
हाल के दिनों में मुख्यमंत्री धामी और विधायक अरविंद पांडे के बीच बढ़ती नजदीकियों के चलते विकास कार्यों में तेजी आई है। आज, मुख्यमंत्री कंबोज धर्मशाला में शहीद ऊधम सिंह कंबोज के शहादत दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे, उसके बाद बस अड्डे का उद्घाटन करेंगे। गदरपुर रोडवेज बस अड्डा शुरू होने से हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा।
बेहतर प्रतीक्षालय और सुविधाओं के साथ, क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल है। इसके साथ ही साथ ही करीब दो करोड़ 75 लाख 70 हजार रुपये की लागत से बने विकासखंड गदरपुर कार्यालय भवन का उद्घाटन करेंगे तथा विभिन्न विभागों की सात अन्य विकास योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। बता दें कि कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल सिंह ने उद्घाटन में देरी के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया था।
