रायबरेली। ब्रेकअप के बाद भी प्रेमिका दूसरे लड़कों से बातचीत करती थी। यह बात पूर्व प्रेमी को इतनी नागवार गुजरी कि उसने 16 साल की किशोरी की हत्या कर दी। उसे पहले बाइक से मंदिर में दर्शन कराने ले गया और फिर सुनसान जगह पर ले जाकर दुपट्टे से गला घोंट दिया। इसके बाद चाकू से गले पर वार कर हत्या कर दी और शव सूखी नहर के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। लालगंज के साकेत नगर से लापता बैसवारा इंटर कॉलेज की 11वीं की सोलह साल की छात्रा की हत्या का खुलासा उसकी सहेली के एक सुराग से हुआ। पुलिस ने आरोपी पूर्व प्रेमी रौनक यादव को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर छात्रा का कंकाल, हत्या में प्रयुक्त चाकू और दुपट्टा बरामद किया है।
खीरो थाना क्षेत्र के नंदाखेड़ा गांव निवासी लड़की के पिता गुजरात में रहते हैं। उनकी पत्नी लालगंज के साकेत नगर में रहती हैं। बेटी बैसवारा कॉलेज में 11वीं की छात्रा थी। बीती 16 अक्तूबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे किशोरी अचानक घर से लापता हो गई। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 19 अक्टूबर को मां की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। शव मिलने के बाद सूचना पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों और चप्पलों से किशोरी की पहचान की। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने पंचायतनामा भरकर अवशेष पोस्टमार्टम के लिए भेजे।
कोतवाली प्रभारी, प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि छात्रा की हत्या के मामले में आरोपी रौनक यादव को गिरफ्तार किया गया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा और चाकू बरामद किया गया है। फॉरेंसिंक टीम से घटनास्थलों से साक्ष्य एकत्र किए हैं। मामले की सभी स्तरों से जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एकतरफा प्यार में पागल आरोपी 12वीं में फेल हुआ
पुलिस के मुताबिक रौनक और किशोरी एक ही विद्यालय में पढ़ते थे। दोनों के बीच पहले फोन पर बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ गईं। बाद में उनका ब्रेकअप हो गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि किशोरी उससे बातचीत बंद करने के बाद आठ-दस अन्य लड़कों से भी बात करने लगी थी। इसी बात को लेकर वह नाराज रहता था और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोपी ने बताया कि इससे उसकी पढ़ाई प्रभावित हुई और वह फेल हो गया था। वर्तमान में वह सेमरी के एक विद्यालय में कक्षा 12 का छात्र है।
दुपट्टे से गला घोंटकर मारा
14 अक्टूबर को रौनक किशोरी को बैसवारा इंटर कॉलेज के पास से बाइक पर बैठाकर ले गया था। वह उसे तहसील होते हुए ऐहार स्थित बाल्हेश्वर मंदिर ले गया। दूसरे लड़कों से बातचीत को लेकर कहासुनी हुई। फिर आरोपी उसे दतौली गांव के पास नहर पटरी किनारे ले गया। वहां विवाद बढ़ने पर उसने किशोरी के दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया। फिर चाकू से गले पर वार कर हत्या कर दी। शव झाड़ियों में फेंककर वह मौके से फरार हो गया।
सहेली के सुराग से खुला राज, कंकाल बरामद
पुलिस ने छात्रा की तलाश में स्कूल और उसकी सहेलियों से पूछताछ की। इसी दौरान एक सहेली ने बताया कि उसे पूरे नया मजरे मटेहना निवासी रौनक यादव के साथ जाते देखा गया था। पुलिस ने रौनक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस नहर के किनारे झाड़ियों तक पहुंची। कई दिन तक शव पड़े रहने से वह कंकाल में तब्दील हो चुका था।
