सुलतानपुर: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की एयर स्ट्रिप पर आयोजित भव्य वायुसेना एयर शो के दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि ऐसे आयोजन सेना को हर परिस्थिति के लिए सतर्क और तैयार रखने के उद्देश्य से किए जाते हैं. उन्होंने कहा कि वायुसेना की तत्परता और क्षमता का यह प्रदर्शन देश की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाता है.
कूरेभार क्षेत्र के अरवल कीरी करवत स्थित एयर स्ट्रिप पर आयोजित इस एयर शो में अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों ने अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया. सुखोई-30 और जगुआर जैसे फाइटर जेट्स ने आसमान में रोमांचक करतब दिखाए. इसके साथ ही C-295, AN-32 परिवहन विमान और Mi-17 V5 हेलीकॉप्टर ने भी अपनी उपयोगिता और क्षमता का प्रदर्शन किया.
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही. सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, कादीपुर विधायक राजेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर कार्यक्रम की जानकारी ली और वायुसेना अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया.
एयर शो के दौरान एयर मार्शल मणिकंटक के आगमन पर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने उनका स्वागत किया. जिलाधिकारी ने पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.
मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि इस तरह के अभ्यासों से सेना की तैयारियों को परखा जाता है और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होती है. वहीं प्रशासन की ओर से भी आयोजन को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए.
