धर्मशाला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि शिक्षा प्रदेश के विकास और आत्मनिर्भरता का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी हासिल करना नहीं, बल्कि युवाओं को शोध, नवाचार और रोजगार सृजन के लिए तैयार करना भी है। मुख्यमंत्री रविवार को धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि डिग्री उनकी मेहनत का प्रमाण होने के साथ समाज और देश के प्रति जिम्मेदारी भी है। आर्टिफिशियल इंटैलीजैंस, रोबोटिक्स और डिजिटल तकनीक के बढ़ते दौर में युवाओं को आधुनिक ज्ञान और तकनीक से जोड़ना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणात्मक शिक्षा के मामले में हिमाचल प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्ष 2021 में प्रदेश देश में 21वें स्थान पर था, जबकि अब पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू की गई है और 156 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है। अगले शैक्षणिक सत्र से 100 नए सीबीएसई स्कूल खोलने की तैयारी है। शिक्षा विभाग में 10 हजार पद भरे गए हैं, जबकि तीन हजार शिक्षकों की और भर्ती की जा रही है।
सीएम ने बताया कि डॉ. वाईएस परमार विद्यार्थी ऋण योजना के तहत उच्च शिक्षा के लिए 20 लाख रुपए तक का ऋण एक प्रतिशत ब्याज पर दिया जा रहा है। वहीं, पिछले 2 वर्षों में 88 हजार से अधिक विद्यार्थियों को करीब 92 करोड़ रुपए की छात्रवृत्तियां प्रदान की गई हैं। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कुलाधिपति हरमोहिंदर सिंह बेदी, कुलपति एसपी बंसल, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया और एचपीटीडीसी अध्यक्ष आरएस बाली सहित अन्य गण्यमान्य उपस्थित रहे।
