देहरादून: शिक्षक दिवस के मौके पर उत्तराखंड भाजपा को शिक्षकों और युवाओं के रूप में बड़ी राजनीतिक ताकत मिली. उत्तराखंड शिक्षक संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह चौहान समेत बड़ी संख्या में शिक्षकों और युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की. देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों को पार्टी की सदस्यता दिलाई. इस दौरान नवागंतुकों का फूलमाला और भाजपा का पटका पहनाकर स्वागत किया गया.
क्या बोले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा शिक्षक और बुद्धिजीवी वर्ग समाज को दिशा देने का काम करता है. ऐसे में समाज को तोड़ने वाली शक्तियों को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने और लोगों के बीच जनजागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी भी इसी वर्ग की है. उन्होंने कहा पार्टी में शामिल होने वाले शिक्षक नेताओं का अनुभव और सामाजिक प्रभाव भाजपा के लिए महत्वपूर्ण है. इनके जुड़ने से विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी. महेंद्र भट्ट ने शिक्षक संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह चौहान के सामाजिक और शिक्षक हितों से जुड़े कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने साथी शिक्षकों की समस्याओं को लगातार सरकार के सामने उठाया. कई मुद्दों पर आंदोलन भी किए. सरकार ने शिक्षकों की मांगों पर संज्ञान लेते हुए कई मांगों को स्वीकार किया. उन्होंने कहा शिक्षा क्षेत्र और शिक्षकों के बीच प्रतिनिधित्व करने वाले लोगों का भाजपा से जुड़ना राज्य के विकास और कल्याण के लिए सार्थक साबित होगा.
‘विकास की गति को रोकना चाहते हैं कुछ लोग’: महेंद्र भट्ट ने कहा भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में डबल इंजन सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों को गति दे रही है. कनेक्टिविटी, दूरसंचार, प्रति व्यक्ति आय, जीडीपी और औद्योगिक विकास जैसे क्षेत्रों में देश और प्रदेश ने पिछले वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है. उन्होंने नए सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों में युवाओं के बीच भाजपा की विचारधारा और सरकार के विकास कार्यों को पहुंचाने का आह्वान किया. भट्ट ने कहा देश में आज भी ऐसी शक्तियां मौजूद हैं जो समाज को बांटना चाहती हैं. विकास की गति को रोकना चाहती हैं. ऐसे लोगों को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने की जरूरत है.
शिक्षकों का समाज पर व्यापक प्रभाव: कार्यक्रम में टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा शिक्षक बुद्धिजीवी वर्ग का हिस्सा हैं. उनका समाज पर व्यापक प्रभाव रहता है. उन्होंने कहा शिक्षकों से पढ़े हुए अनेक विद्यार्थी आज अलग-अलग क्षेत्रों में महत्वपूर्ण स्थानों पर हैं. ऐसे में यदि शिक्षक भाजपा के संदेश और विजन को युवाओं तक पहुंचाते हैं तो इससे पार्टी को मजबूती मिलेगी. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में भाजपा परिवार से जुड़े नए सदस्यों की भावनाओं और सम्मान की रक्षा के लिए पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी.
भाजपा में शामिल हुए उत्तराखंड शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह चौहान ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद देश और समाज में हो रहे कई घटनाक्रमों ने उन्हें राजनीतिक क्षेत्र में आने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने सामाजिक विद्वेष से जुड़े घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि हल्द्वानी की घटना ने उन्हें काफी प्रभावित किया. चौहान ने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर पढ़ाई की उम्र वाले युवाओं को राजनीतिक हथियार बनाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा इन परिस्थितियों ने उन्हें और उनके साथियों को राजनीतिक रूप से सक्रिय होने के लिए प्रेरित किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश और उत्तराखंड के विकास के साथ सांस्कृतिक राष्ट्रवादी सोच को देखते हुए भाजपा से बेहतर विकल्प नहीं दिखाई दिया. उन्होंने कहा पार्टी की ओर से उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसका निर्वहन पूरी क्षमता और योग्यता के साथ किया जाएगा.
कई शिक्षक और युवा भाजपा में शामिल: राम सिंह चौहान के साथ भाजपा की सदस्यता लेने वालों में महेंद्र पाल सिंह, परमार, धर्मवीर सिंह परमार, शैलेंद्र सिंह नेगी, ज्ञानदीप धवन, जयदीप परमार, अनुराधा सिंह, सोनाली चौहान, अभिषेक, अदिति रावत, बबली नेगी, गीता चौहान, प्रज्ञा, गौरी रावत, शैलेश चौहान, गोपाल, आलोक रावत, परमवीर बिष्ट, उषा रावत, अंकित पांडे, अमन पांडे, शुभम चमोली, शुभम चौहान, ऐश्वर्या राणा, अपूर्व वशिष्ठ, अनमोल शर्मा और हिमांशु सजवान समेत कई नाम शामिल रहे. कार्यक्रम में सरकार में दायित्वधारी एवं वरिष्ठ नेता ज्योति प्रसाद गैरोला ने भी नए सदस्यों का स्वागत किया. उन्होंने कहा भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती और शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों का भाजपा से जुड़ना महत्वपूर्ण है.
