रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी जिले की हाईटेक जेल के सुपरिंटेंडेंट सुरेंद्र दलाल को सस्पेंड कर दिया गया है। जेल के सुपरिंटेंडेंट के ऊपर ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप लगे है। जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई मार्च माह में जेल से दो कैदियों के फरार होने के मामले पर की गई है। सूत्रों के अनुसार 28 मार्च को जिले की हाईटेक जेल से करीब 25 फीट की दीवार फांदकर दो कैदी फरार हुए थे। आँकारी के मुताबिक, कैदियों के फरार होने के समय सुपरिंटेंडेंट छुट्टी पर थे। पुलिस ने फरार दोनों कैदियों को गिरफ्तार भी कर लिया था, लेकिन उन्हें ड्यूटी में कोताही बरतने का जिम्मेदार ठहराया है।
मामले में जेल महानिदेशक (डीजी जेल) ने पहले ही पांच हेड वार्डर और दो वार्डर सहित सात जेल कर्मियों को पहले ही निलंबित कर दिया था। उस समय सुरेंद्र दलाल की कार्यशैली की जांच कराने की बात कही गई थी, जिसके आधार पर अब उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। रेवाड़ी की नवनिर्मित जिला जेल को बेहद हाईटेक माना जाता है। घटना के बाद रेवाड़ी जेल के नए सुपरिंटेंडेंट के रूप में रेशम सिंह को नियुक्त किया गया है। रेशम सिंह ने आज अपना कार्यभार संभाल लिया है।
