शिमला। प्रदेश के कर्मचारियों और शिक्षकों को दीपावली से पहले डीए और इसके एरियर की अदायगी की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ के शिष्टमंडल को भरोसा दिया कि दीपावली से पहले डीए की किस्त और बकाया राशि जारी करने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है।
दीपावली से पहले जारी होगी सूची
मुख्यमंत्री ने मुख्य अध्यापकों सहित अन्य वर्गों की पदोन्नतियों की सूची भी दीपावली से पहले जारी करने का आश्वासन दिया। प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान की अगुआई में 100 से अधिक पदाधिकारियों वाले संघ के शिष्टमंडल ने सचिवालय में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर कर्मचारियों की मांगें रखीं।
पंजाब की तर्ज पर मिले डीए
संघ ने पंजाब की तर्ज पर आठ प्रतिशत डीए जारी करने और इसकी अधिसूचना जल्द जारी करने की मांग की। कहा कि दीपावली पर कर्मचारियों और शिक्षकों को बढ़े हुए वेतन का लाभ मिलना चाहिए।
संघ के अनुसार, मुख्यमंत्री ने एसएमसी शिक्षकों, डीपीई और प्रवक्ताओं के भर्ती एवं पदोन्नति नियमों (आरएंडपी रूल्स) से जुड़े मामलों में कैबिनेट की मंजूरी मिलने की जानकारी भी दी और आगे की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की बात कही।
वीरेंद्र चौहान ने कहा कि कंप्यूटर शिक्षकों के नियमितीकरण का मुद्दा भी मुख्यमंत्री से उठाया जाएगा।
