लखनऊ। विधान सभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अभियानों की धार तेज करना शुरू कर दिया है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर एवं राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर के नेतृत्व में राष्ट्रीय परिषद की बैठक में आगामी चुनावों की रणनीति बनाई गई। विभिन्न जनपदों की 32 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव प्रभारी एवं चुनाव सह-प्रभारियों की घोषणा की गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 सामाजिक न्याय, समान भागीदारी और वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई का महत्वपूर्ण पड़ाव है।
पार्टी द्वारा नियुक्त सभी प्रभारी एवं सह-प्रभारी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क अभियान तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने कहा कि सुभासपा संगठनात्मक मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतर रही है। पदाधिकारियों को विधानसभा स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करने तथा जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
घोषित विधानसभा क्षेत्रों में गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, भदोही, आजमगढ़, मऊ, बलिया, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, हरदोई, बाराबंकी, सीतापुर एवं मुरादाबाद जनपदों की विधानसभा सीटें शामिल हैं।
सभी नियुक्त प्रभारी एवं सह-प्रभारी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देंगे। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी प्रदेश की सभी सामाजिक, पिछड़ी, अति पिछड़ी, दलित एवं वंचित जातियों के सम्मान, अधिकार और भागीदारी के संकल्प के साथ चुनावी मैदान में पूरी मजबूती से उतरने के लिए तैयार है।
