लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को ‘श्रमवीर गौरव समारोह 2026’ में श्रमिकों के लिए कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। डिजिटल सुविधाओं से लेकर आवास, स्वास्थ्य और कौशल विकास तक, श्रमिकों को एक साथ कई महत्वपूर्ण सुविधाएं मिलेंगी।
बलरामपुर, झांसी और गोंडा में नए श्रमिक केंद्र स्थापित किए जाएंगे। साथ ही ‘डिजिटल लेबर चौक’ एप की शुरुआत और बीओसीडब्ल्यू बोर्ड की नई वेबसाइट का लोकार्पण होगा। नोएडा में श्रमिक आंदोलन के बाद उनके वेतनमान में बढ़ोतरी की गई थी। अब सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए कई नई योजनाएं लागू करने जा रही है।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रमिकों से जुड़ी कई अहम योजनाओं को जमीन पर उतारा जाएगा। अटल आवासीय योजना के तहत मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया जाएगा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में श्रमिकों के लिए ईएसआईसी डिस्पेंसरी और छात्रावास बनाए जाएंगे।
औद्योगिक विकास योजनाओं के तहत 40 वर्गमीटर के 2000 आवासीय प्लाट दिए जाएंगे। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्रों में पांच एकड़ भूमि पर श्रमिक हास्टल बनाए जाएंगे। टाटा समूह के सीएसआर सहयोग से स्किल डेवलपमेंट सेल, श्रमिक सुविधा केंद्र और आवासीय सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा में 7.2 एकड़ जमीन पर 300 बेड का ईएसआईसी अस्पताल और 500 बेड का कार्यशील महिला छात्रावास भी प्रस्तावित है। इसके साथ ही सार्वजनिक पुस्तकालय स्थापित किए जाएंगे और सीएसआर फंड से करीब दो करोड़ रुपये की लागत से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जाएगा।
शिक्षा के क्षेत्र में श्रमिक परिवारों के मेधावी छात्रों को टैबलेट वितरित किए जाएंगे, जिससे उन्हें डिजिटल शिक्षा से जोड़ा जा सके। समारोह में श्रमिकों को प्रमाणपत्र और टूलकिट भी दिए जाएंगे, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, एमएसएमई मंत्री राकेश सचान और राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी शामिल होंगे।
