सहारनपुर/लखनऊ : पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में गुरुवार को एक बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया. सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के दामाद काजी शायान मसूद कांग्रेस छोड़ साइकिल पर सवार हो गए. शायान ने लखनऊ में सपा के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में सदस्यता ग्रहण की. इस दौरान अखिलेश यादव ने उन्हें सपा का लाल-हरा पटका पहनाकर पार्टी में स्वागत किया.
शायान मसूद अब तक कांग्रेस से जुड़े हुए थे. उनके सपा में शामिल होने को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है. खासतौर पर सहारनपुर और पश्चिमी यूपी की राजनीति में उनके इस कदम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. गुरुवार को शायान मसूद अपने पिता शाजान मसूद के साथ लखनऊ पहुंचे. जहां सपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली.
शायान मसूद काजी परिवार से आते हैं. वे पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. काजी रशीद मसूद के पोते हैं. सहारनपुर की राजनीति में काजी परिवार की लंबे समय से मजबूत पकड़ रही है. राजनीतिक गलियारों में लंबे समय से चर्चा थी कि शायान मसूद 2027 के विधानसभा चुनाव में बेहट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं. लोकसभा चुनाव के दौरान भी वह अपने ससुर इमरान मसूद के समर्थन में सक्रिय नजर आए थे.
इमरान मसूद ने कहा था कि लोकसभा चुनाव में मेहनत करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव में मौका मिलना चाहिए. इसके बाद माना जाने लगा था कि इमरान मसूद के परिवार की नई पीढ़ी सीधे चुनावी राजनीति में कदम नहीं रखेगी. हालांकि शायान के सपा में शामिल होने से सियासी समीकरणों को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं. फिलहाल इमरान मसूद और शायान के बीच किसी विवाद या मतभेद की बात सामने नहीं आई है.
शायान मसूद के सपा नेतृत्व के संपर्क में होने की चर्चाएं जुलाई से ही चल रही थीं. दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक प्रदर्शन के दौरान उनकी अखिलेश यादव से मुलाकात भी हुई थी. इसके बाद उनके जल्द सपा में शामिल होने की अटकलें और तेज हो गई थीं. गुरुवार को आखिरकार इन अटकलों पर विराम लग गया और शायान ने औपचारिक रूप से सपा की सदस्यता ग्रहण कर ली.
शायान मसूद खेल की दुनिया में भी अपनी पहचान बना चुके हैं. वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शॉटगन शूटिंग में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. वर्ष 2009 से 2013 तक वह भारतीय राष्ट्रीय शॉटगन शूटिंग टीम के सदस्य रहे. इस दौरान उन्होंने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक हासिल किए. 2012 एशियन शॉटगन चैंपियनशिप, दोहा में उनका स्वर्ण पदक जीतना प्रमुख उपलब्धियों में शामिल है. इसके अलावा वह तीन बार जूनियर गोल्ड मेडलिस्ट भी रह चुके हैं.
खेल के बाद वर्ष 2014 में शायान मसूद ने राजनीति में कदम रखा. 2016-17 में उत्तर प्रदेश की तत्कालीन सपा सरकार में उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा भी मिला था. माना जा रहा है कि इस कदम से सहारनपुर में सपा का पुराना संगठनात्मक ढांचा एक बार फिर मजबूती पकड़ सकता है.
