शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के प्रधान और अन्य पदाधिकारियों के वार्षिक चुनाव आज होंगे। इससे पहले शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने वीरवार को एसजीपीसी के करीब 90 सदस्यों के साथ बैठक की। यह बैठक एसजीपीसी अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों के चुनाव से पहले हुई। बादल ने सदस्यों से उनकी राय और सुझाव मांगे।
बैठक को संबोधित करते हुए सुखबीर बादल ने कहा, पंजाब विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और पार्टी के पास तैयारी के लिए सीमित समय बचा है। ऐसे में सभी को एकजुट होकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने सदस्यों से खुलकर सुझाव देने को कहा। बादल ने बताया कि व्यस्तताओं के कारण वह इस बार व्यक्तिगत रूप से सदस्यों से नहीं मिल पाए।
पत्रकारों से बातचीत में बादल ने कहा कि बैठक में सभी सदस्यों के विचार सुने गए हैं। अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों के चुनाव को लेकर अंतिम फैसला सदस्यों पर ही छोड़ दिया गया है। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए एक मिशन के तहत आगे बढ़ने पर जोर दिया।
सुखबीर बादल ने दिल्ली के एक गुरुद्वारे में हाल ही में हुई बेअदबी की घटना को बेहद शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारे का प्रबंधन करने वाली कमेटी को सुरक्षा और निगरानी के मामले में अधिक सतर्कता बरतनी चाहिए। बैठक में अकाली दल के वरिष्ठ नेता दलजीत सिंह चीमा, बलविंदर सिंह भुंदड़, एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी और हरजिंदर कौर सहित करीब 90 सदस्य मौजूद रहे।
