लखनऊ। सीएम डैशबोर्ड की जुलाई माह की रैंकिंग में एक बार फिर रामपुर ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं शाहजहांपुर ने दूसरा और बरेली ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इन्हें यह उपलब्धि जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण, बेहतर फीडबैक और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधारात्मक पहल से हासिल किया है।
सीएम डैशबोर्ड पर जिलों का मूल्यांकन कई मानकों के आधार पर किया जाता है। इसमें जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई, फीडबैक की गुणवत्ता और योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे पहलू शामिल होते हैं। जुलाई माह में डैशबोर्ड के माध्यम से 59 योजनाओं की निगरानी की गई। इसमें से 56 कार्यक्रमों में जिले ने ए ग्रेड प्राप्त किया है।
जिले ने वैकल्पिक ऊर्जा, ऊर्जा, कृषि विभाग, समाज कल्याण, पंचायती राज, लोक निर्माण विभाग, नियोजन विभाग, ग्राम्य विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, मत्स्य विभाग, उद्योग विभाग, सहकारिता एवं सिंचाई के कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत लक्ष्यों को प्राप्त करते हुए ए श्रेणी प्राप्त की है।
जुलाई माह की रैंकिंग में रामपुर को 10 में से 9.58 अंक प्राप्त हुए। शाहजहांपुर को 9.43 अंक प्राप्त हुए हैं। बरेली ने 9.40 अंक हासिल कर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। कई जिलों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए शीर्ष 10 में स्थान बनाया है। इसमें अंबेडकरनगर ने 9.34 अंक हासिल कर चौथा, मैनपुरी ने 9.30 अंक हासिल कर पांचवां स्थान प्राप्त किया है।
आजमगढ़ ने 9.27 अंक प्राप्त कर छठवां, महाराजगंज ने 9.25 अंक पाकर सातवां, बुलंदशहर और बागपत ने बराबर-बराबर 9.23 अंक हासिल कर आठवां स्थान प्राप्त किया है। लखीमपुर खीरी ने 9.20 और सुलतानपुर के साथ सोनभद्र ने बराबर-बराबर 9.18 अंक प्राप्त किया है।
