चमोली। जनपदवासियों की समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना और प्रशासनिक प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाना है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम प्रत्येक सोमवार प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक जिला कार्यालय सभागार, गोपेश्वर में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिलाधिकारी स्वयं जनता की शिकायतें सुनेंगे और उनके निस्तारण की समीक्षा करेंगे।
जिलाधिकारी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सभी जिला स्तरीय विभागीय अधिकारियों की जिला सभागार में अनिवार्य उपस्थिति रहेगी। वहीं तहसील एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान सीएम हेल्पलाइन-1905 में दर्ज शिकायतों की प्रगति और माननीय मुख्यमंत्री की घोषणाओं से संबंधित मामलों की भी विस्तृत समीक्षा की जाएगी। प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण हो।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित अद्यतन जानकारी और आवश्यक अभिलेखों के साथ कार्यक्रम में उपस्थित रहें। जनहित से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकतम शिकायतों का समाधान मौके पर ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम साबित होगा। इससे न केवल शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी बल्कि पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए हैं ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
