लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित लखनऊ दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा की तैयारियां पूरी कर ली हैं. प्रधानमंत्री के आगमन से लेकर कार्यक्रम की समाप्ति और उनकी रवानगी तक पूरे इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी. पीएम मोदी इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाले पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे. इस दौरान करीब 4,400 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए लखनऊ पुलिस ने सुरक्षा का विस्तृत खाका तैयार किया है. सुरक्षा व्यवस्था की कमान आठ डीसीपी, 10 एडीसीपी और 34 एसीपी स्तर के अधिकारियों के हाथ में होगी. इनके साथ बड़ी संख्या में इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, मुख्य आरक्षी और आरक्षियों की भी तैनाती की गई है. सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को उनकी जिम्मेदारी और तैनाती वाले स्थानों की जानकारी दे दी गई है.
एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा का घेरा: प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए स्थानीय पुलिस के साथ दूसरी सुरक्षा एजेंसियों को भी तैनात किया गया है. पीएसी और आरआरएफ के जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे, जबकि एनएसजी और एटीएस की टीमें भी सुरक्षा से जुड़े मोर्चे पर सक्रिय रहेंगी. कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास के इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी. सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के निर्देश दिए गए हैं.
प्रधानमंत्री के एयरपोर्ट से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचने वाले रास्ते पर भी सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं. पूरे रूट पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी. कार्यक्रम स्थल के आसपास आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जाएगी. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पार्किंग, प्रवेश और निकास के अलग-अलग इंतजाम किए गए हैं.
पीएम के दौरे पर ट्रैफिक डायवर्जन, लोगों से सतर्क रहने की अपील: प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा. एयरपोर्ट से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान और आसपास के प्रमुख रास्तों पर जरूरत के मुताबिक वाहनों का आवागमन रोका जा सकता है या उनका रूट बदला जा सकता है. ट्रैफिक पुलिस की टीमें प्रमुख चौराहों और रास्तों पर तैनात रहेंगी. आम लोगों से अपील की गई है कि घर से निकलने से पहले रूट डायवर्जन की जानकारी जरूर कर लें.
लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यक्रम स्थल और प्रधानमंत्री के आवागमन वाले रास्तों की तरफ जाने से बचने की सलाह दी गई है. पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं. प्रशासन का प्रयास है कि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम बिना किसी बाधा के संपन्न हो और आम लोगों को भी कम से कम परेशानी उठानी पड़े. कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं.
तीन बड़े अस्पतालों में सेफ हाउस, 50 डॉक्टरों और कर्मचारियों की टीम तैयार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए शहर के तीन प्रमुख अस्पतालों में सेफ हाउस बनाए गए हैं. इनमें कानपुर रोड स्थित लोकबंधु राजनारायण अस्पताल, डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान और संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) शामिल हैं. इन अस्पतालों में इमरजेंसी से लेकर आईसीयू तक इलाज के इंतजाम किए गए हैं.
सीएमओ डॉ. एनबी सिंह के मुताबिक, तीनों अस्पतालों में करीब 50 डॉक्टरों और कर्मचारियों की टीम तैयार की गई है. इसमें कार्डियोलॉजी, मेडिसिन, सर्जरी और हड्डी रोग समेत अन्य विशेषज्ञ विभागों के डॉक्टर शामिल हैं. नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है. जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम तत्काल इलाज शुरू कर सकेगी.
सेफ हाउस में जरूरी दवाओं के साथ इलाज में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और अन्य संसाधनों की व्यवस्था की गई है. किसी मरीज को इमरजेंसी में भर्ती करने से लेकर गंभीर स्थिति में आईसीयू में इलाज देने तक की तैयारी की गई है. अस्पतालों में बेड, चिकित्सा उपकरण और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है. इसके साथ ही ब्लड की व्यवस्था भी की गई है.
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अस्पतालों का किया निरीक्षण: शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने तीनों अस्पतालों में पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने इमरजेंसी, आईसीयू, दवाओं और डॉक्टरों की उपलब्धता की जानकारी ली. अधिकारियों ने संबंधित चिकित्सा टीमों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सक्रिय होने के निर्देश दिए. स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान जरूरत पड़ने पर बिना देरी के बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके.
52 ऑल इंडिया टॉपर्स को सम्मानित करेंगे प्रधानमंत्री: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे. यह कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगा. समारोह में प्रधानमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल करने वाले 52 ऑल इंडिया टॉपर्स को सम्मानित करेंगे. इस कार्यक्रम को लेकर पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अपनी-अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं.
