चमोली: चढ़ावा चोरी के बाद अब बदरीनाथ धाम में ‘पैसे लेकर दर्शन’ कराने की खबरें सामने आ रही हैं. बदरीश पंडा पंचायत ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाये हैं. बदरीश पंडा पंचायत ने इस मामले में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है.
बदरीनाथ धाम में चढ़ावा हेराफेरी मामले की जांच के बीच अब श्री बदरीश पंडा पंचायत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर धाम में कथित तौर पर पैसे लेकर अवैध दर्शन कराने के मामलों की भी जांच कराने की मांग की है. पंचायत का कहना है कि यदि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाए तो धाम की व्यवस्था में व्याप्त अन्य अनियमितताएं भी सामने आ सकती हैं.
17 जुलाई को भेजे गए पत्र में पंडा पंचायत ने दावा किया है कि कुछ लोग श्रद्धालुओं और यात्रियों से धन लेकर उन्हें नियमों के विपरीत दर्शन करा रहे हैं. साथ ही आरोप लगाया गया है कि विभिन्न विभागों के कुछ कर्मचारी कथित रूप से नंबर-2 गेट से लोगों को अनाधिकृत प्रवेश दिलाकर व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं.
पंचायत ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि चढ़ावा हेराफेरी प्रकरण की जांच का दायरा बढ़ाते हुए इन आरोपों को भी शामिल किया जाए और यदि आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. सीएम को लिखे पत्र में कहा गया है कि इससे धाम में पारदर्शिता और श्रद्धालुओं का विश्वास दोनों मजबूत होंगे.
पंडा पंचायत ने चढ़ावा हेराफेरी मामले में राज्य सरकार द्वारा अब तक की गई कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा है कि वह जांच एजेंसियों को हर स्तर पर सहयोग देने के लिए तैयार हैं. अवैध दर्शन और कर्मचारियों की भूमिका को लेकर लगाए गए आरोप श्री बदरीश पंडा पंचायत के पत्र में किए गए दावे हैं.
