लखनऊ : गोमतीनगर पुलिस ने खुद को विदेश मंत्रालय का उच्च अधिकारी बताकर जबरन होटल में घुसे तीन युवकों में से दो को गिरफ्तार किया है. तीनों देर रात एक होटल में जबरन दाखिल हो गए. होटल के मुख्य द्वार को अंदर से बंद कर स्टाफ और गेस्ट को बंधक बना लिया. तलाशी के नाम पर कर्मचारियों से मारपीट, गाली-गलौज करते हुए उनके मोबाइल फोन छीन लिए और मेहमानों को डराया-धमकाया.
आरोपियों के कब्जे से विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नाम से बने 478 फर्जी आईडी कार्ड बरामद किए गए हैं. तीन फर्जी आधार कार्ड, एक विदेशी आईडी कार्ड, विदेश मंत्रालय का एक अन्य आईडी कार्ड, 14 क्रेडिट व डेबिट कार्ड, दो चेकबुक, एक चेक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. आरोपियों की पहचान अभिनव सिंह और शिवम चौहान के रूप में हुई है. अभिनव सिंह (29) नोएडा में रह रहा था, जबकि उसका स्थायी पता वाराणसी बताया गया है. दूसरा आरोपी शिवम चौहान (29) मेरठ का रहने वाला है.
गोमतीनगर के विकासखंड-3 स्थित होटल क्रिस्टेलिया के नाइट मैनेजर कुमार सर्वोत्तम पाठक की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 15 अगस्त की रात करीब एक बजे तीन अज्ञात युवक होटल में पहुंचे. उन्होंने खुद को विदेश मंत्रालय का वरिष्ठ अधिकारी बताते हुए होटल की तत्काल तलाशी लेने का रौब दिखाया. स्टाफ ने उनसे आधिकारिक पहचान पत्र मांगा, तो वे भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे.
आरोपियों ने रिसेप्शन का गेट बंद कर दिया, दो कर्मचारियों का गला पकड़कर उन्हें जबरन अंदर घसीटा और सभी के मोबाइल फोन छीन लिए. बंधक बनाने के बाद तीनों संदिग्ध होटल की पहली और दूसरी मंजिल पर पहुंचे. वहां उन्होंने कमरों के दरवाजे जोर-जोर से खटखटाए और अंदर ठहरे गेस्ट से जबरन पूछताछ शुरू कर दी. जिन मेहमानों को बाहर जाना था, उन्हें भी रोक दिया गया.
इसके बाद आरोपी दोबारा रिसेप्शन काउंटर पर पहुंचे और होटल के महत्वपूर्ण रजिस्टर व दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ की. आरोप है कि उन्होंने कई जरूरी दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर बाहर खड़ी अपनी कार में रख लिए. नाइट मैनेजर ने स्थानीय पुलिस को बुलाने की बात कही, तो आरोपियों ने किसी भी तरह के फोन कॉल और आवाजाही पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी.
इसी बीच एक कर्मचारी ने मौका पाकर एक गेस्ट के मोबाइल फोन से होटल संचालक को चुपके से पूरी घटना की जानकारी दी. संचालक ने बिना देर किए सीधे गोमतीनगर पुलिस से संपर्क किया. एसीपी गोमतीनगर रत्नेश सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया. पुलिस उनकी असली पहचान, होटल में घुसने के पीछे के मकसद और उनके बैकग्राउंड की गहन जांच कर रही है. आरोपियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जा रही है.
