बूंदी: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शनिवार को केशवराय पाटन क्षेत्र के दौरे पर रहे. इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत लबान, गोहाटा और नोताड़ा 19.38 करोड़ की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया. इस दौरान बिरला ने का कि हर खेत तक पानी, हर घर तक सुविधाएं पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है. उन्होंने सीएम से चर्चा कर किसानों को आश्वासन दिया कि वंचित किसानों की उपज भी एमएसपी पर खरीदी जाएगी.
‘वंचित किसानों की उपज भी एमएसपी पर खरीदी जाएगी’: बिरला इंद्रगढ़ प्रवास के दौरान रास्ते में विभिन्न स्थानों पर किसानों से मिले. इस दौरान बड़ी संख्या में किसानों ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर समर्थन मूल्य पर चल रही खरीद प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया. किसानों ने बताया कि 31 मई समर्थन मूल्य पर खरीद का अंतिम दिन है, लेकिन अभी भी अनेक किसानों को खरीद के लिए टोकन जारी नहीं हुए हैं. कई किसानों की उपज का तुलन-पत्र भी लंबित है, जिससे उनके समर्थन मूल्य पर उपज बेचने से वंचित रहने की आशंका बनी हुई है.
बिरला ने सीएम से की बात: बिरला ने तत्काल मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से फोन पर चर्चा की. उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि कोई भी पात्र किसान समर्थन मूल्य पर खरीद से वंचित नहीं रहे. मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि जिन किसानों को अब तक टोकन जारी नहीं हो सके हैं या जो किसी कारणवश खरीद प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाए हैं, उनकी उपज भी समर्थन मूल्य पर खरीदी जाएगी. मुख्यमंत्री के आश्वासन की जानकारी मिलने पर किसानों ने लोकसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया. उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी बिरला के प्रयासों से कोटा संभाग में समर्थन मूल्य पर खरीद का लक्ष्य बढ़ाया गया था. निर्धारित 6 लाख मीट्रिक टन के लक्ष्य को बढ़ाकर 7.50 लाख मीट्रिक टन किया गया था, जिससे बड़ी संख्या में किसानों को अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेचने का अवसर मिला.
इससे पहले केशवराय पाटन क्षेत्र के दौरे के दौरान कहा कि केशवराय भगवान मंदिर, इंद्रगढ़ माताजी मंदिर और कमलेश्वर महादेव धाम जैसे धार्मिक स्थलों के विकास से हाड़ौती में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिल रही है. केशवराय भगवान मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू हो चुका है और आगे भी इसे विकसित किया जाएगा. वहीं इंद्रगढ़ माताजी मंदिर तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोपवे निर्माण की योजना पर काम चल रहा है. उन्होंने कहा कि कमलेश्वर महादेव धाम के विकास का प्रथम चरण शुरू किया जा चुका है. केशवरायपाटन, इंद्रगढ़ माताजी मंदिर और कमलेश्वर महादेव धाम को जोड़ते हुए धार्मिक पर्यटन का एक मजबूत सर्किट विकसित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को भी रोजगार और आर्थिक गतिविधियों का लाभ मिलेगा.
बिरला ने कहा कि दिल्ली-मुंबई कॉरिडोर और बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी. इससे किसानों को अपने कृषि उत्पाद बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा होगी. उन्होंने कहा कि हाल ही में दिल्ली की आजादपुर मंडी के व्यापारियों से चर्चा की गई है, ताकि क्षेत्र के किसान बाजार की मांग के अनुरूप फल और सब्जियों का उत्पादन कर बेहतर आय अर्जित कर सकें. इंद्रगढ़ और आसपास का क्षेत्र अमरूद उत्पादन के लिए पहचान बना रहा है और उद्यानिकी को बढ़ावा देने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा.
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र के शेष हिस्सों को भी सिंचाई परियोजनाओं से जोड़ने की योजना तैयार की गई है. लक्ष्य है कि हर खेत तक पानी पहुंचे और किसानों की उत्पादन क्षमता बढ़े. नहरों के बेहतर संचालन और जल प्रबंधन के माध्यम से किसानों को अधिक लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा. हमारा प्रयास है कि हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचे और हर घर को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो. जल परियोजनाओं के पूरा होने से भूजल स्तर में भी सुधार होगा, जिससे किसानों और ग्रामीणों को लंबे समय तक लाभ मिलेगा. इस अवसर पर बून्दी जिलाध्यक्ष रामेश्व मीणा, पूर्व मंत्री बाबूलाल वर्मा, पूर्व विधायक चन्द्रकांता मेघवाल, भाजपा नेता राकेश बोयत सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
