महाप्रबन्धक श्री नरेश पाल सिंह ने 17 रेल कर्मचारियों को किया संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित
श्री आदित्य नारायण बने माह जून 2026 के सर्वश्रेष्ठ रेलकर्मी
आज दिनांक 28.07.2026 को उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय संरक्षा समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री जे.सी.एस. बोरा और सभी विभाग के प्रधान विभागाध्यक्ष और मंडल रेल प्रबंधकों सहित वरिष्ठ मंडल अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य चालू निर्माण परियोजनाओं में सुरक्षा दिशानिर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करना रहा।

बैठक के दौरान, महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह ने झाँसी, आगरा और प्रयागराज मंडलों के 17 रेल कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट संरक्षा कार्यों के लिए संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया।

इस अवसर पर पुरस्कृत कर्मचारियों में श्री अनिरुद्ध सिंह, पॉइंटसमैन/सिराथू, प्रयागराज मंडल, श्री मनीष श्रीवास्तव, ट्रेन मैनेजर/प्रयागराज छिवकी, प्रयागराज मंडल, श्री शिव कुमार यादव, स्टेशन अधीक्षक/रूमा, प्रयागराज मंडल, मो. रफीक, कांटेवाला/हेतमपुर, झाँसी मंडल, श्री प्रमोद कुमार, स्टेशन मास्टर/पलवल/कोसीकलां, आगरा मंडल, श्री जितेन्द्र कुमार, स्टेशन मास्टर/अछनेरा जं. केबिन, आगरा मंडल, श्री रवि कुमार, ट्रेन मैनेजर गुड्स/आगरा, आगरा मंडल, श्री रतन लाल, पॉइंटसमैन/रूंधी, आगरा मंडल, श्री जगदीश, पॉइंटसमैन/पलवल/कोसीकलां, आगरा मंडल, श्री फैज अहमद, लोको पायलट/ न्यू कानपुर, प्रयागराज मंडल, श्री कल्लू, ट्रैकमैन-III /दौलता, झाँसी मंडल, श्री रामसहाय, ट्रैक मेंटेनर-II / घोसराना, आगरा मंडल, श्री मुकेश कुमार, ट्रैक मेंटेनर-IV, अझई, आगरा मंडल, श्री राजेश कुमार ट्रैक मेंटेनर-III/टूंडला, प्रयागराज मंडल, श्री अंकित कुमार, संरक्षा सलाहकार/, एसएंडटी, प्रयागराज मंडल, श्री आदित्य नारायण, सहायक लोको पायलट/न्यू कानपुर, प्रयागराज मंडल एवं श्री मुकेश कुमार, उप मुख्य टिकट निरीक्षक/कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज मंडल शामिल थे।

इस दौरान प्रयागराज मंडल के श्री आदित्य नारायण (सहायक लोको पायलट/कानपुर न्यू) को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए माह जून-2026 के सर्वश्रेष्ठ रेलकर्मी के संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक ने कहा कि “जब सुरक्षा का मामला हो, तो किसी भी प्रकार का शॉर्टकट स्वीकार्य नहीं है।” उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को कड़े निर्देश दिए कि जहां भी निर्माण या रखरखाव का कार्य चल रहा है, वहां सुरक्षा के सभी स्थापित मानकों का पूर्णतः पालन कराया जाए।
महाप्रबंधक महोदय ने बैठक के दौरान निम्न निर्देश दिए:
• कार्यस्थल पर व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण: कार्यस्थल पर तैनात प्रत्येक कर्मचारी और श्रमिक के लिए सुरक्षा हेलमेट, हाई-विजिबिलिटी जैकेट, सेफ्टी शूज और हार्नेस का प्रयोग अनिवार्य रहेगा।
• नियमित निरीक्षण: फील्ड अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्माण स्थलों पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था का खुद जायजा लें और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर तुरंत सुधारात्मक कदम उठाएं।
• सुरक्षा संकेत एवं घेराबंदी: निर्माणाधीन क्षेत्रों में स्पष्ट सुरक्षा संकेत, बैरिकेडिंग और रात्रि के समय उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
