चंडीगढ़। केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल तथा हरियाणा भाजपा की नव नियुक्त अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने सोमवार को नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से अलग-अलग समय पर मुलाकात की। अर्चना गुप्ता भाजपा अध्यक्ष द्वारा बुलाई गई विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों की बैठक में भागीदारी करने दिल्ली गई थी।
अपनी नियुक्ति के बाद उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने का समय भी मांगा हुआ था। अर्चना गुप्ता तीन जून को पंचकूला स्थित पार्टी कार्यालय में विधिवत कार्यभार ग्रहण करेंगी। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मिलने जाना है।
मनोहर लाल ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष से की चर्चा
प्रदेश अध्यक्ष के दायित्व ग्रहण समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए प्रदेश संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने दोनों प्रदेश महामंत्रियों कृष्ण कुमार बेदी तथा सुरेंद्र पुनिया के साथ विस्तार से चर्चा की। प्रदेश अध्यक्ष के पद पर डा. अर्चना गुप्ता की नियुक्ति मोहन लाल बडौली के स्थान पर की गई थी। प्रदेश अध्यक्ष बनने से पहले मोहन लाल बडौली और डा. अर्चना गुप्ता दोनों ही प्रदेश महामंत्री के रूप में संगठन में सेवाएं दे रहे थे।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष से नई दिल्ली में शिष्टाचार मुलाकात की और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। इससे पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने नई दिल्ली में ही केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात कर ऊर्जा व शहरी विकास से संबंधित विषयों पर विचार विमर्श किया।
मनोहर लाल ने अगरतला में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डा. मानिक शाह के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। कोलकाता में उन्होंने बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ विभिन्न विषयों पर बातचीत की। आइजोल में मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा के साथ भी केंद्रीय मंत्री की विभिन्न विषयों पर बातचीत हुई है।
