गोरखपुर स्थित मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT) के इतिहास में पहली बार किसी महिला को कुलपति नियुक्त किया गया है। पंजाब यूनिवर्सिटी की वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा को विश्वविद्यालय का नया कुलपति बनाया गया है। राज्यपाल भवन, लखनऊ की ओर से उनकी नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया गया है। वह कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अगले तीन वर्षों तक विश्वविद्यालय की कुलपति के रूप में अपनी सेवाएं देंगी। प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा MMMUT की पांचवीं कुलपति होंगी। उनकी नियुक्ति इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि मदन मोहन मालवीय इंजीनियरिंग कॉलेज से लेकर विश्वविद्यालय बनने तक संस्थान की कमान कभी किसी महिला के हाथों में नहीं रही। तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में यह नियुक्ति एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
प्रो. शर्मा ने अपनी उच्च शिक्षा पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ से प्राप्त की है। उन्होंने केमिकल इंजीनियरिंग में बीई, एमई और पीएचडी की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा उन्होंने एमबीए (फाइनेंस), सांख्यिकी में पीजी डिप्लोमा और फ्रेंच भाषा में डिप्लोमा भी किया है। शिक्षा के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियां उन्हें एक बहुमुखी और अनुभवी शिक्षाविद् के रूप में स्थापित करती हैं। उन्होंने वर्ष 1999 में पंजाब यूनिवर्सिटी के केमिकल इंजीनियरिंग विभाग में लेक्चरर के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। बाद में वह एसोसिएट प्रोफेसर और फिर प्रोफेसर बनीं। अपने लंबे शैक्षणिक करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाईं। वह टेक्विप समन्वयक, डीन एलुमनाई रिलेशंस और यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं।
शिक्षण, शोध और अकादमिक प्रशासन में उनके पास 31 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगभग 100 शोध पत्र प्रकाशित किए हैं तथा 10 पीएचडी शोधार्थियों का मार्गदर्शन किया है। इसके साथ ही उन्होंने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में विशेषज्ञ वक्ता के रूप में भाग लिया है। प्रो. शर्मा को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें एशियन पॉलिमर एसोसिएशन का यंग रिसर्चर अवार्ड, एआईसीटीई का करियर अवार्ड फॉर यंग टीचर्स और इंडो-स्विस बाइलेटरल रिसर्च इनिशिएटिव फेलोशिप प्राप्त हो चुकी है। वह पंजाब यूनिवर्सिटी की एमबीए और सांख्यिकी डिप्लोमा परीक्षाओं में गोल्ड मेडलिस्ट भी रही हैं।
उन्होंने फ्रांस, अमेरिका, चीन, स्विट्जरलैंड और मलेशिया सहित कई देशों की शैक्षणिक यात्राएं की हैं। साथ ही भारत सरकार, डीआरडीओ, यूजीसी, एआईसीटीई और सीएसआईआर द्वारा वित्तपोषित कई शोध परियोजनाओं का सफल संचालन भी किया है। नेतृत्व और प्रबंधन से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा की नियुक्ति से MMMUT में शोध, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन और शिक्षाविदों को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में संस्थान नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
