देहरादून। रुद्रपुर में धार्मिक जुलूस के दौरान एक मौलाना को हजारों लोगों की धार्मिक भीड़ के सामने सरकार को धमकाना भारी पड़ गया। मौलाना का धमकी भरा बयान वायरल होते ही, सीएम धामी ने कड़ा रुख अपनाया। जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपित मौलाना को गिरफ्तार कर लिया है।
रुद्रपुर में बुधवार को निकाले गए बारावफात जुलूस के दौरान, रामपुर निवासी मौलाना मुजीब ने हजारों की भीड़ के सामने, उत्तराखंड सरकार पर मदरसे बंद कराने का आरोप लगाते हुए भड़काऊ भाषण दिया था। उक्त धमकी भरा बयान वायरल होते ही, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाते हुए, दो टूक कहा कि उत्तराखंड कोई पाकिस्तान नहीं है, बल्कि इसकी पहचान देवभूमि के रूप में रही है और आगे भी रहेगी।
सीएम धामी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश और प्रदेश से धमकी और तुष्टिकरण का दौर अब खत्म हो चुका है। और नहीं सरकार डेमोग्राफिक चेंज पर चुप रहने वाली है। उन्होंने कहा कि सरकार संविधान के खिलाफ काम करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करेगी। इधर, सीएम के तेवरों को देखते हुए, उधमसिंहनगर जनपद की पुलिस ने उक्त आरोपित मौलाना के खिलाफ शुक्रवार को रुद्रपुर कोतवाली में मुकदमा कर लिया, साथ ही रात में ही आरोपित को गिरफ्तार भी कर लिया गया।
