शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से चंडीगढ़ के निकट हिम चंडीगढ़ सिटी बसाई जाएगी। इसके लिए सरकार ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बद्दी क्षेत्र में प्रस्तावित हिम-चंडीगढ़ सिटी की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शीघ्र ही इस नए शहर का विकास कार्य शुरू करेगी। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताओं के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हिम-चंडीगढ़ सिटी कोई आम रिहायशी इलाका नहीं, बल्कि अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं से सुसज्जित एक स्मार्ट और सुनियोजित अर्बन सेंटर होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिम-चंडीगढ़ सिटी को अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे और आवश्यक नागरिक सुविधाओं से सुसज्जित एक आधुनिक, सुनियोजित एवं टिकाऊ शहरी केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को प्रस्तावित शहर का सुनियोजित, सतत एवं संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए सभी संभावनाओं का पता लगाने के निर्देश दिए।
सिरसा नदी किनारे 9 किलोमीटर रिवर फ्रंट परियोजना में शामिल होगा
सीएम ने यह भी निर्देश दिए कि सरसा नदी के किनारे लगभग 9 किलोमीटर लंबे सुविकसित रिवरफ्रंट को परियोजना में शामिल किया जाए, ताकि शहर की सुंदरता बढ़े और निवासियों को स्वच्छ, आकर्षक एवं मनोरंजन के लिए उपयुक्त सार्वजनिक स्थान उपलब्ध हो सकें।
सुगम आवागमन सुनिश्चित करने का आदेश
उन्होंने प्रस्तावित शहर से आवागमन के लिए मजबूत एवं प्रभावी सड़क संपर्क सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया, ताकि आवागमन सुगम हो और बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध हो सके।
राजस्व में भी अहम होगा नया शहर
सुक्खू ने कहा कि प्रस्तावित शहर न केवल क्षेत्र की बढ़ती शहरी आवश्यकताओं को पूरा करेगा, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा होगा और राज्य के राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
ये रहे उपस्थित
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल, नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, विधायक राम कुमार एवं अजय सोलंकी, प्रधान सचिव देवेश कुमार, सचिव अमरजीत सिंह तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
