देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के छह दिवसीय प्रदेश दौरे के बाद रविवार को देहरादून पहुंची. यहां उनकी वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई. पार्टी की प्रदेश प्रभारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों और जिलों से मिले फीडबैक के आधार पर संगठन की आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई.
बैठक के बाद कुमारी सैलजा ने कहा कांग्रेस का यह रूटीन काम है, इससे पहले भी समय-समय पर पार्टी की ओर से बैठकें आयोजित की जाती रही हैं. आपस में बैठकर जो सिचुएशन डेवलप होती है, उस पर हम डिस्कशन करते हैं. उन्होंने कहा सभी नेता एकजुट होकर संगठन की मजबूती को लेकर लगातार काम कर रहे हैं. कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है. उन्होंने खुशी जताई कि उत्तराखंड में जिला स्तर से लेकर ब्लॉक स्तर तक कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से एक्टिव है. उन्होंने बताया कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के उत्तराखंड दौरों को लेकर भी वरिष्ठ नेताओं के साथ विमर्श किया गया है.
बैठक में प्रदेश की भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान सामने आए अनाचार, अत्याचार, भ्रष्टाचार और अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर चर्चा हुई. कांग्रेस नेताओं ने इन मुद्दों को जनता के बीच प्रभावी ढंग से उठाने और संगठन को हर मोर्चे पर सक्रिय करने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया.
बैठक के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कुमारी सैलजा ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के दौरे के दौरान जमीनी स्थिति की जानकारी जुटाई है. वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई बैठक में सरकार के कामकाज और आगामी राजनीतिक अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. उन्होंने बताया सैलजा की ओर से अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए हैं.
गोदियाल के अनुसार, इन निर्देशों के आधार पर आगामी अभियान की रूपरेखा तैयार की जा रही है. जिससे जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जा सके. संगठन को प्रदेशभर में सक्रिय किया जा सके.
