यूपी के मेरठ में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने शुक्रवार को मेरठ दौरे के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पार्टी की स्पष्ट रणनीति साझा की। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार के संकल्प को दोहराया।
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने घोषणा की कि पार्टी महिलाओं को 33 प्रतिशत सीटों पर टिकट देगी। उन्होंने कहा, राजनीति में महिलाओं की भूमिका अहम होगी। वे आश्वस्त हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो कमिटमेंट किया है, वह जरूर पूरा होगा। सदन में महिलाओं की 33 फीसदी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
विपक्ष पर बोला तीखा हमला, पीडीए को बताया छलावा
अखिलेश यादव के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को सरोज कुशवाहा ने सिरे से खारिज करते हुए इसे हवा में करार दिया। उन्होंने सपा पर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा का पीडीए वास्तविकता है, जबकि सपा के पीडीए में केवल एक जाति और एक परिवार का वर्चस्व रहता है। अखिलेश यादव के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और जनता उनकी हकीकत जानती है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि पूर्ववर्ती सरकारों में आधी आबादी (महिलाओं) की स्थिति अत्यंत दयनीय थी।
ललिता गौतम हत्याकांड और राम मंदिर पर स्पष्ट किया रुख
मेरठ के चर्चित ललिता गौतम हत्याकांड पर अपना रुख स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि योगी सरकार में किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के आरोपों पर उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है और जांच के बाद सब कुछ दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
‘चौका से चौकी’ तक महिलाओं की उड़ान
प्रदेश अध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि जिस देश और घर की महिलाएं खुशहाल होती हैं, वहां प्रगति निश्चित है। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने ‘चौका से चौकी’ तक की चुनौतीपूर्ण यात्रा सफलतापूर्वक तय की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर से अभियान शुरू करें ताकि 2027 में भाजपा की ऐतिहासिक जीत दर्ज की जा सके।
