लखनऊ। सोमवार से शुरू हो रहे विधानमंडल के मानसून सत्र में समाजवादी पार्टी पेपर लीक व शिक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति तय की है। रविवार को पार्टी मुख्यालय में हुई सपा विधायकों व विधान परिषद के सदस्यों की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों व विद्यार्थियों के साथ धोखा किया है।
किसानों को खाद-बीज नहीं मिल रहा है। खाद की बोरी से चोरी हो रही है। डीजल-पेट्रोल की बढ़ती महंगाई से खेती की लागत बढ़ गयी है। शिक्षा व्यवस्था ध्वस्त है। नौजवानों को नौकरी नहीं मिल रही है। यूपी में भर्ती परीक्षाओं के सबसे ज्यादा पेपर लीक हुए। उन्होंने विधायकों व विधान परिषद सदस्यों को इन मुद्दों को सदन में उठाने को कहा।
सपा अध्यक्ष ने विधायकों व विधान परिषद के सदस्यों से कहा कि अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी, रामपुर के मोहम्म्द अली जौहर विश्वविद्यालय, पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, किसान, कृषि, युवाओं, बेरोजगारी, महंगाई सहित विभिन्न मुद्दों को दोनों सदनों में उठाने की नसीहत दी।
साथ ही कहा कि राज्य में भाजपा की चार दिन की सरकार बची है। इसीलिए विधानमंडल का मानसून सत्र भी चार दिन का ही हो रहा है। पहला दिन सरकार श्रद्धांजलि देने में निकाल देगी। दूसरा दिन चढ़ावा चोरी को लेकर अपने बचाव और मामले को लेकर केंद्र सरकार पर डालकर अपना पल्ला झाड़ने में निकाल देगी।
तीसरा दिन प्रयागराज जैसे पूरे प्रदेश में हुए छात्र आंदोलन से बचने में निकाल देगी। चौथा दिन जल्दी से सत्र खत्म करने की घोषणा करने में निकाल देगी। उन्होंने कहा कि अब भाजपा को भी मालूम है कि वो फिर कभी सत्ता में नहीं आएगी। इसीलिए सरकार विधानमंडल का सत्र आयोजित करने की औपचारिकता निभा रही है।
जनता के सवालों से डर रही भाजपा: शिवपाल
सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार जनता के सवालों के डर रही है। यही वजह है कि सरकार ने विधानमंडल का सत्र चार दिनों का ही रखा है। उन्होंने सवाल किया है कि सरकार यह सोचती है कि कम दिनों के सत्र चलाकर जनता के मुद्दों से जुड़े सवालों से बच जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं होगा।
