कन्नौज। छिबरामऊ कोतवाली से महज 150 मीटर दूरी पर रविवार शाम करीब सात बजे सेवानिवृत्त दारोगा के वकील पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कांग्रेस नेता ने मामूली कहासुनी के बाद अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी।
घटना के पीछे राजनीतिक वर्चस्व की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2022 में आरोपित छिबरामऊ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। मतदान के दिन कुछ लोगों ने उसकी पिटाई कर दी थी।
आरोपित को संदेह था कि वकील के इशारे पर उसके साथ मारपीट की गई थी। तभी से वह वकील से खुन्नस रखे था। आरोपित को कांग्रेस का जिला महासचिव बताया जा रहा है।
प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे ने बताया कि आपसी कहासुनी में पिस्टल से गोली मारी गई है। तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
