शिमला। हिमाचल प्रदेश के कार्यवाहक मुख्य सचिव संजय गुप्ता 31 मई को सेवानिवृत्त होंगे। यदि प्रदेश सरकार ने संजय गुप्ता का कार्यकाल बढ़ाने का विषय केंद्र सरकार के समक्ष नहीं भेजा तो उनके स्थान पर नए मुख्य सचिव की नियुक्ति होगी। मुख्य सचिव के लिए दो वरिष्ठ अधिकारियों के नाम चर्चा में हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव केके पंत और आरडी नजीम।
पंत के मुख्य सचिव बनने की संभावना अधिक है। पंत 1993 और नजीम 1995 बैच के अधिकारी हैं। पंत उत्तराखंड और नजीम तमिलनाडु से हैं।
ओंकार शर्मा भी दौड़ में
मुख्य सचिव पद की दौड़ में 1994 बैच के आईएएस ओंकार चंद शर्मा मुख्य सचिव पद के लिए तीसरा नाम है, लेकिन विमल नेगी मौत मामले में उच्च न्यायालय में जांच रिपोर्ट स्वयं दी थी। उसका परिणाम ये निकला था कि प्रदेश सरकार ने ओंकार शर्मा के पास जनजातीय विकास विभाग को छोड़कर अन्य सभी विभाग तुरंत वापस ले लिए थे। इस तरह की परिस्थितियों को देखते हुए ओंकार शर्मा का मुख्य सचिव कार्यालय पहुंचना संभव नहीं लगता है। यदि वरिष्ठता की बात की जाए तो अतिरिक्त मुख्य सचिव केके पंत सबसे ऊपर हैं।
अनुराधा और भरत हरबंस खेड़ा भी रेस में
उनके बाद केंद्र सरकार में वित्त मंत्रालय के तहत आर्थिक मामलों की पहली सचिव 1994 बैच की अनुराधा ठाकुर भी दौड़ में हैं। वर्तमान में अनुराधा ठाकुर के अलावा भरत हरबंस खेड़ा भी रेस में हैं। 1995 बैच के अधिकारी सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम मंत्रालय में सचिव हैं। मुख्य सचिव पद के लिए पात्रता शर्तों को पूरा करने वाली अनुराधा ठाकुर व भरत हरबंस खेड़ा के लौटने की संभावना न के बराबर है।
ऐसे में 11 दिन बाद केके पंत और आरडी नजीम में से पंत के मुख्य सचिव नियुक्त होने की संभावना अधिक है।
कार्मिक विभाग मुख्य सचिव को भेजेगा फाइल
अगले मुख्य सचिव पद के लिए नियुक्ति संबंधी फाइल कार्मिक विभाग की ओर से चलेगी। वर्तमान में प्रदेश में सेवारत तीन अतिरिक्त मुख्य सचिवों में केके पंत, ओंकार शर्मा व आरडी नजीम मुख्य सचिव ग्रेड के अधिकारी हैं। शेष दो मुख्य सचिव ग्रेड के अधिकारियों में शामिल अनुराधा ठाकुर व भरत हरबंस खेड़ा प्रतिनियुक्ति पर केंद्र सरकार में सचिव नियुक्त हैं।
संजय गुप्ता ने पंजाब में किया था आवेदन
प्रदेश सरकार में कार्यवाहक मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने पंजाब राज्य विद्युत नियामक आयोग में अध्यक्ष पद के लिए आवेदन किया था। 22 अप्रैल को साक्षात्कार हो चुका है। ऐसा माना जा रहा है कि प्रदेश में राज्य विद्युत बोर्ड में बतौर अध्यक्ष रहते हुए किए गए सुधारों के दृष्टिगत संजय गुप्ता की पंजाब में नियुक्ति अवश्य संभव मानी जा रही है।
इस समय संजय गुप्ता अतिरिक्त मुख्य सचिव रैंक के अधिकारी हैं और उन्हें सेवा विस्तार दिलाने के लिए हिमाचल सरकार को केंद्र सरकार से अनुमित लेनी होगी। नियम यह बोलता है कि केंद्र सरकार अतिरिक्त मुख्य सचिव पद के लिए सेवाविस्तार देने से इंकार कर सकता है। इसके पीछे तर्क यह रह सकता है कि प्रदेश में तीन अतिरिक्त मुख्य सचिव उपलब्ध हैं और कुल अतिरिक्त मुख्य सचिवों की संख्या पांच हैं।
