महराजगंज: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बयानों के तीर जुबानी तरकश से लगातार निकल रहे हैं. महराजगंज पहुंचे केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी पूरे लय में दिखे. पंकज चौधरी के निशाने पर समाजवादी पार्टी और पूरा विपक्ष रहा.
भाजपा अध्यक्ष ने साल 2012 से 2017 के समाजवादी पार्टी के शासनकाल की याद दिलाई. अखिलेश सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान राज्य में गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार और भय का माहौल था. हालात ऐसे थे कि महिलाओं को शाम 6 बजे से पहले ही घरों में रहने को मजबूर होना पड़ता था. पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी को संवैधानिक यात्रा या अधिकार यात्रा की जगह पश्चाताप यात्रा निकालने की सलाह दी.
प्रदेश की जनता को परेशानियों की याद दिलाते हुए भाजपा अध्यक्ष ने विपक्ष को निशाने पर लिया. साथ ही नसीहत भी दी कि उसे जनता के बीच जाकर अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए और उस समय के बिगड़े हालात के लिए माफी मांगनी चाहिए.उन्होंने विपक्ष को अपनी गलतियों पर आत्ममंथन की सलाह देते हुए पश्चाताप यात्रा निकालने की सलाह दी.
हालांकि पंकज चौधरी ने दावा किया कि विपक्ष चाहे कितनी भी माफी मांग ले, प्रदेश की जनता उसे माफ करने वाली नहीं है. उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी का बयान ऐसे समय आया है जब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राज्य में राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ रही है और एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होता जा रहा है. पंकज चौधरी के वार के बाद अब समाजवादी पार्टी की ओर से इसपर आनेवाला पलटवार राजनीतिक माहौल को गरमा जरूर सकता है
