शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में जल्द ही बड़े फैसलों की संभावनाओं के बीच कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की महत्वपूर्ण बैठक 16 या 17 जुलाई को कांगड़ा जिले के धर्मशाला में आयोजित की जाएगी।
बैठक में प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात, संगठन की रणनीति और सरकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से मंथन होगा। सबसे अहम चर्चा मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में संभावित विस्तार और फेरबदल को लेकर होने की संभावना है।
बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल भी मौजूद रहेंगे। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, सरकार के मंत्री और संगठन के पदाधिकारी भी हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए भी बैठक में रणनीति तैयार की जाएगी।
मंत्रिममंडल के विस्तार पर होगी चर्चा
शिमला पहुंची प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने बैठक की पुष्टि करते हुए कहा कि धर्मशाला में होने वाली इस बैठक में राजनीतिक मामलों पर विस्तार से चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल के विस्तार से लेकर संभावित बदलाव तक सभी विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। हालांकि उन्होंने इस संबंध में किसी अंतिम निर्णय की पुष्टि नहीं की।
लंबे समय से मंत्रिमंडल विस्तार और कुछ विभागों में बदलाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है।
पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर होगा काम
बैठक में संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है।
राजनीतिक जानकारों की नजर अब धर्मशाला में होने वाली इस बैठक पर टिकी है, क्योंकि इसके बाद प्रदेश सरकार और कांग्रेस संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों का रास्ता साफ हो सकता है।
