दिल्ली/देहरादून: दिल्ली में गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र से बीजेपी सांसद अनिल बलूनी के आवास पर उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और आस्था के प्रतीक लोकपर्व इगास बग्वाल मनाया गया. जिसमें गृह मंत्री अमित शाह के अलावा बाबा रामदेव समेत तमाम साधु संत शामिल हुए. इससे पहले सीएम पुष्कर धामी समेत अन्य नेताओं ने अनिव बलूनी के आवास पर पहुंचकर लोकपर्व इगास की बधाई दी.
दिल्ली में उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और आस्था के प्रतीक लोकपर्व इगास बग्वाल की धूम रही. जहां अनिल बलूनी के आवास पर लोकगीतों की मधुर गूंज और पारंपरिक उल्लास के बीच इगास पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया गया. इगास पर्व का शुभारंभ केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अग्नि प्रज्वलित कर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया. इस दौरान पारंपरिक परिधान में सजे लोक कलाकारों ने लोकगीतों पर समां बांधा. जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा था, जैसे में नहीं, बल्कि पहाड़ के किसी जगह पर कार्यक्रम हो रहा है.
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणा एवं प्रयासों से उत्तराखंड की इस समृद्ध लोक परंपरा को देशभर में नई पहचान के साथ व्यापक सम्मान मिला है. आज इगास केवल उत्तराखंड तक सीमित नहीं, बल्कि देश-विदेशों में पहाड़ की संस्कृति, विरासत और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनकर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर रहा है. हमारा उत्तराखंड भैलो की रोशनी, ढोल-दमाऊं की थाप और पहाड़ की आत्मीयता से जगमगाता रहे.“- अनिल बलूनी, गढ़वाल सांसद
सीएम धामी समेत अन्य नेताओं ने अनिल बलूनी के आवास जाकर दी बधाई: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अनिल बलूनी के आवास पर पहुंचकर उन्हें उत्तराखंड के लोकपर्व इगास (बूढ़ी दीपावली) की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. साथ ही सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की. सीएम धामी ने कहा कि इगास उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक विरासत और लोक आस्थाओं से जुड़ा एक अहम पर्व है. यह पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान और पूर्वजों से मिली परंपराओं को संजोने का संदेश देता है.
इगास का पर्व उत्तराखंड के जनजीवन में विशेष स्थान रखता है. प्रदेश की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करता है. उत्तराखंड की लोक परंपराएं केवल हमारी सांस्कृतिक धरोहर ही नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक एकता, सामूहिकता के साथ आपसी प्रेम का भी प्रतीक है. इगास जैसे लोकपर्व हमें अपनी जड़ों, अपनी मिट्टी और अपनी परंपराओं से जुड़े रहने के लिए प्रेरित करता है. इन लोकपर्वों के जरिए नई पीढ़ी को भी अपनी लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत से रूबरू होने का मौका मिलता है.
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, लोककला, लोकभाषाओं और पारंपरिक त्योहारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार प्रयास कर रही है. इगास जैसे लोकपर्वों को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने से देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिल रही है. जिससे देश-दुनिया में उत्तराखंड की विशिष्ट लोक परंपराओं का प्रचार-प्रसार भी हो रहा है. इस मौके पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और धन सिंह रावत भी मौजूद रहे.
