देहरादून: विधानसभा चुनाव से पहले आज धामी सरकार ने अपना रिपोर्ट कार्ड पेश किया. इस दौरान सीएम धामी ने तमाम विकासकार्यों के साथ ही तमाम नीतियों और योजनाओं का जिक्र किया. इस दौरान ईटीवी भारत ने सीएम धामी से पहाड़ बनाम मैदान के विकास को लेकर सवाल किया. साथ ही विकास के आंकड़ों और प्रति व्यक्ति आय की बढ़ती खाई पर भी प्रश्न पूछे. जिनका सीएम धामी ने जवाब दिया.
ईटीवी भारत संवाददाता धीरज सजवान ने धामी सरकार के रिपोर्ट कार्ड को सामने रखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से प्रदेश के आर्थिक भविष्य से जुड़े दो बेहद अहम और संवेदनशील बिंदुओं पर सीधा और बेबाक सवाल किया. संवादाता ने राष्ट्रीय स्तर पर तीस ट्रिलियन अर्थव्यवस्था के बड़े लक्ष्य का हवाला देते हुए कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हर राज्य को लगभग सात प्रतिशत की विकास दर का योगदान देना आवश्यक है. इस लिहाज से उत्तराखंड फिलहाल सवा सात से साढ़े सात प्रतिशत के आसपास बेहतर प्रदर्शन कर रहा है. इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश की जमीनी हकीकत भी सामने रखी. राज्य की जीडीपी ग्रोथ का करीब सत्तर प्रतिशत हिस्सा मैदान के चार जिलों से आता है. प्रति व्यक्ति आय में बड़ा अंतर दिखाई देता है. हरिद्वार की प्रति व्यक्ति आय तीन लाख रुपये के आसपास पहुंच रही है. रुद्रप्रयाग जैसे जिले अभी एक लाख रुपये के आंकड़े को भी नहीं छू पा रहे हैं. विकास की इस बढ़ती खाई को कैसे पाटा जा सकेगा?
इस पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा प्रधानमंत्री के देश को विकसित राष्ट्र बनाने और पांच ट्रिलियन इकोनॉमी तक ले जाने के संकल्प में उत्तराखंड अपने स्तर से पूरा योगदान देने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है. प्रदेश की जीएसडीपी में बढ़ोतरी हुई है. राज्य की समग्र अर्थव्यवस्था को दोगुना करने की दिशा में निरंतर काम करते हुए सरकार पिछले सालों में काफी हद तक दोगुने के स्तर के करीब पहुंच चुकी है. विकास की खाई और जिलों के बीच की असमानता पर मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया कि हरिद्वार, देहरादून, उधम सिंह नगर और कुछ हद तक नैनीताल का क्षेत्र अलग परिस्थितियों में है, जहां प्रति व्यक्ति आय स्वाभाविक रूप से अधिक है.
रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और चंपावत जैसे जिलों के संसाधन और चुनौतियां भिन्न हैं, लेकिन सरकार का पूरा ध्यान इन जिलों की छिपी संभावनाओं और क्षमताओं को पहचानने पर है. सीएम धामी ने कहा बजट निर्माण के समय भी इसी दृष्टिकोण को प्राथमिकता दी गई. ऐसे तमाम क्षेत्रों की खोज की जा रही है. जिनसे राज्य को आगे बढ़ाने और अर्थव्यवस्था को नई गति देने में मदद मिल सके.
अपनी बात को और अधिक सरल व स्पष्ट तरीके से रखते हुए मुख्यमंत्री ने उन्नीस सौ इक्यानवे का एक निजी अनुभव साझा किया, जब उन्होंने हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी. उस दौर में पॉलिटेक्निक की ओर जाने वाले युवाओं के बीच सिविल इंजीनियरिंग का बड़ा चलन हुआ करता था.उन्होंने कहा समय के साथ एक दौर ऐसा भी आया जब सिविल इंजीनियरिंग में संतृप्ति यानी सैचुरेशन की स्थिति बनी. वक्त बदलने के साथ परिस्थितियों ने भी नया रूप लिया.
मुख्यमंत्री ने इस उदाहरण के माध्यम से यह रेखांकित किया कि जिस तरह समय और दौर के साथ रुझान व अवसर बदलते रहते हैं, उसी प्रकार राज्य के विकास में भी नई संभावनाएं तलाशना जरूरी है. सरकार उन अधिकतम क्षेत्रों और संसाधनों की खोज व उपयोग पर ध्यान केंद्रित कर रही है जो उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को मजबूत आधार दे सके. इसी विचार के साथ उन्होंने अपना वक्तव्य समाप्त किया.
