श्रीनगर: हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के तीनों परिसरों में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं के लिए अच्छी खबर है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के तीसरे, पांचवें और सातवें सेमेस्टर में प्रवेश के लिए ऑनलाइन शुल्क जमा करने का पोर्टल दोबारा खोल दिया है. इसके साथ ही विश्वविद्यालय ने प्रवेश को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं. एचएनबी यूनिवर्सिटी द्वारा पात्र विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन फीस जमा करने का पोर्टल 14 सितंबर 2026 से पुनः खोल दिया गया है. स्टूडेंट्स अपने लॉगिन आईडी से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर शुल्क जमा कर सकते हैं. वहीं नियत तिथि के बाद किसी भी छात्र को प्रवेश का मौका नहीं दिया जाएगा.
गौर हो कि हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के परिसरों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के तीसरे, पांचवें एवं सातवें सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन शुल्क जमा करने का पोर्टल पुनः खोल दिया गया है. विश्वविद्यालय की ओर से प्रवेश प्रक्रिया को लेकर विद्यार्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.अधिष्ठाता छात्र कल्याण कार्यालय द्वारा जारी प्रवेश सूचना के अनुसार, द्वितीय सेमेस्टर एवं बैक पेपर परीक्षाओं के परिणाम घोषित होने के बाद निर्धारित न्यूनतम क्रेडिट आवश्यकता (Minimum Credit Requirement) पूरी करने वाले विद्यार्थी ही अगले सेमेस्टर में प्रवेश के लिए पात्र होंगे. पात्र विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन फीस जमा करने का पोर्टल 14 सितंबर 2026 से पुनः खोल दिया गया है.
विश्वविद्यालय ने पात्र विद्यार्थियों को अपने संबंधित प्रवेश समितियों से संपर्क कर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं. विद्यार्थियों को निर्धारित शुल्क ऑनलाइन जमा करना भी अनिवार्य होगा. शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश की अंतिम तिथि 21 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है. अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर ओपी गुसाईं ने सभी पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए समय से अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि बाद में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.विश्वविद्यालय की ओर से यह सूचना सभी डीन, कैंपस निदेशकों, विभागाध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों को भी भेज दी गई है, ताकि पात्र विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा सके.
