लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की आहट आते ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने अपने लिए सुरक्षित जगह की तलाश करनी शुरू कर दी है. जिन नेताओं को जरा सा भी आभास हो रहा है कि उन्हें वर्तमान में जिस पार्टी में है वहां पर तवज्जो नहीं मिलेगी तो वे जुगाड़ लगाकर अपने लिए उन पार्टियों में मौका तलाश रहे हैं जहां उनकी लॉटरी लग सके.
कभी भारतीय जनता पार्टी के विधान परिषद सदस्य रहे वरिष्ठ नेता हीरा ठाकुर ने भाजपा का साथ छोड़कर सोमवार को कांग्रेस का पंजा कसकर थाम लिया है. कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं में अब यह चर्चा शुरू हो गई है कि कांग्रेस को “हीरा” मिल गया है.
कांग्रेस का बढ़ता कुनबा और पुराने कार्यकर्ताओं की चिंता: अब पार्टी यूपी में कमाल करेगी. इससे पहले बीजेपी के ही एमएलसी रहे अवध सिंह बागी ने भाजपा छोड़ कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की थी तब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा था भाजपा के “बागी” अब बनेंगे कांग्रेस के सहभागी. कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के वालों की तादाद लगातार बढ़ रही है. विभिन्न दलों के नेता अपनी पार्टी छोड़कर कांग्रेस की तरफ रुख कर रहे हैं.
बाहरी नेताओं की राह आसान, अपनों को सिर्फ आस: उन्हें लग रहा है कि यूपी में कांग्रेस पार्टी ही है जिसमें अगर चुनाव लड़ना चाहेंगे तो आसानी से टिकट मिल सकता है. कारण है कि हर बार चुनाव के दौरान ज्यादातर कांग्रेस पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता टिकट के लिए आस लगाए ही रह जाते हैं और बाजी बाहर से आए हुए नेता मार ले जाते हैं. सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री, राज्यमंत्री (OBC आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष), 12 वर्षों तक विधान परिषद (MLC) में सदस्य, सभापति और नेता-उपनेता जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हीरा ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया. ‘कर्पूरी ठाकुर विचार मंच’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे हीरा ठाकुर की ज्वाइनिंग कांग्रेस पार्टी में उत्तर प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय अध्यक्ष (अनुसूचित जाति विभाग) राजेंद्र पाल गौतम ने कराई.
कौशल किशोर को लेकर भी गरमाई यूपी की राजनीति: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के OBC विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिन्द और सीतापुर के सांसद राकेश राठौर मौजूद रहे. इस मौके पर कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि हीरा ठाकुर के कांग्रेस में शामिल होने से उत्तर प्रदेश में सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और संविधान को बचाने की इस ऐतिहासिक लड़ाई को निश्चित रूप से और अधिक मजबूती मिलेगी. भारतीय जनता पार्टी के एमएलसी हीरा ठाकुर के कांग्रेस पार्टी ज्वाइन करने के बाद अब तेजी से चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं कि भारतीय जनता पार्टी से रूठे चल रहे पूर्व सांसद कौशल किशोर भी जल्द ही कांग्रेस ज्वाइन कर सकते हैं.
