शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने बाल अधिकारों की सुरक्षा को सशक्त करने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति कर दी है। सरकार ने कांग्रेस नेता कोटखाई की अनिता ठाकुर को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा इस संबंध मे अधिसूचना जारी कर दी गई है।
कितना रहेगा कार्यकाल
अधिसूचना के अनुसार बाल अधिकार संरक्षण आयोग अधिनियम, 2005 की धारा 18 के तहत प्रदत्त शक्तियों के तहत नियुक्ति की गई गई है। उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष तक या 65 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक जो भी पहले रहेगा निर्धारित किया गया है।
कौन हैं अनिता ठाकुर
अनिता ठाकुर पूर्व में प्रदेश महिला कांग्रेस में महासचिव के अलावा विभिन्न पदों पर रह चुकी हैं। सरकार ने अब उन्हें आयोग अध्यक्ष के रूप में तैनात किया है।
ये रहेगा कार्य
राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग का उद्देश्य बच्चों के अधिकारों की रक्षा, उनके हितों की निगरानी तथा संबंधित मामलों में सरकार को सुझाव देना होता है। ऐसे में आयोग के अध्यक्ष का पद अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
अनिता ठाकुर की नियुक्ति से आयोग के कार्यों में तेजी आने और बाल संरक्षण से जुड़े मामलों के प्रभावी निस्तारण की उम्मीद जताई जा रही है। इससे राज्य में बच्चों के अधिकारों की निगरानी और संरक्षण की व्यवस्था और मजबूत होगी।
